• नगरासू में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाने वाले निहंगों को कथित रूप से सम्मानपूर्वक छोड़े जाने के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने कड़ी आपत्ति जताई है। मामले में दोषियों पर त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर उक्रांद का एक प्रतिनिधिमंडल कल (गुरुवार, 25 जून) जिलाधिकारी उत्तरकाशी के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित करेगा।


    उत्तराखंड क्रांति दल की केंद्रीय महामंत्री व केंद्रीय महिला प्रकोष्ठ की प्रभारी किरन रावत ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि नगरासू की घटना बेहद गंभीर है। जिस प्रकार से वहां कानून हाथ में लेने वाले तत्वों को बिना किसी कड़ी कार्रवाई के सम्मान के साथ भेजा गया, वह देवभूमि की कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है। दल इस प्रकार की ढिलाई को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।


    उक्रांद नेताओं के अनुसार, कल दोपहर ठीक 12:00 बजे दल के कार्यकर्ता और पदाधिकारी जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचेंगे और प्रदर्शन करते हुए सूबे के मुखिया को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपेंगे। दल ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में जल्द से जल्द सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो उक्रांद प्रदेश स्तर पर उग्र आंदोलन के लिए विवश होगा।

  • सूचना निदेशालय में सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के सभी जनपदों के जिला सूचना अधिकारियों सहित विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहे।


    बैठक के दौरान महानिदेशक श्री बंशीधर तिवारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों को आम जनता तक पहुँचाने में सूचना विभाग की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। विभाग को सरकार और जनता के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य करना होगा, जिसमें मीडिया का सहयोग सबसे आवश्यक है।

    उन्होंने जोर देकर कहा कि सूचना अधिकारी नई तकनीक के साथ खुद को अपडेट करें और मीडिया के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें।
    महानिदेशक ने आधुनिक दौर में सूचना प्रौद्योगिकी (IT) और सोशल मीडिया के उपयोग पर विशेष ध्यान देने की बात कही, ताकि सरकार की हर छोटी-बड़ी योजना तेज गति से समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुँच सके। बैठक में अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, डॉ. नितिन उपाध्याय सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

  • भटवाड़ी (उत्तरकाशी)। विकास खंड भटवाड़ी की लंबे समय से उपेक्षित पड़ी जनसमस्याओं और मांगों को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भटवाड़ी मुख्यालय स्थित वन विश्राम गृह में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र के विकास को लेकर गंभीर चर्चा की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आगामी 25 जून से क्षेत्र में एक विशाल जनाक्रोश रैली निकाली जाएगी और अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।


    बैठक में जनप्रतिनिधियों ने गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग लंबे समय से की जा रही है। इसके लिए पूर्व में भी लगातार पत्राचार किया गया, लेकिन शासन-प्रशासन के उदासीन रवैये के कारण आज तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके अलावा, 2013 की भीषण आपदा के बाद से भटवाड़ी तहसील कार्यालय और विकास खंड कार्यालय सिर्फ नाम के रह गए हैं। यहाँ सक्षम अधिकारियों और कर्मचारियों के न बैठने से स्थानीय जनता को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए भटकना पड़ रहा है।


    प्रधान संगठन भटवाड़ी के मीडिया संयोजक सन्दीप सिंह राणा ने बताया कि क्षेत्र की बदहाली को लेकर 22 जून को सभी जनप्रतिनिधियों ने गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान और जिलाधिकारी उत्तरकाशी से मुलाकात कर उन्हें तीन सूत्रीय मांग पत्र सौंपा था।

    मांगें पूरी न होने पर अब 25 जून से क्षेत्रवासियों के सहयोग से विशाल आंदोलन का आगाज किया जा रहा है।
    👇यह हैं क्षेत्र की 3 प्रमुख मांगें:👇
    👉भटवाड़ी में अविलंब केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना की जाए।
    👉गंगोरी से गंगोत्री तक आलवेदर रोड़ का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो।
    👉भटवाड़ी तहसील और विकास खंड कार्यालय में अधिकारियों व कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।


    इस बैठक में क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, सभी ग्राम प्रधान और भारी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।

  • उत्तरकाशी (मोरी):
    जनपद में नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में उत्तरकाशी पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक (SP) श्रीमती कमलेश उपाध्याय के कड़े निर्देशन में पूरे जिले में संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और नशा तस्करों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।


    इसी अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट, चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण और मोरी के थानाध्यक्ष दीपक रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। 20 जून 2026 की शाम को मोरी पुलिस द्वारा सांकरी-जखोल मोटर मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान सांकरी बाजार निवासी एक 23 वर्षीय युवक की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई देने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर उसकी तलाशी ली।
    तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 3.39 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई।


    👇एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज👇
    गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गोपाल (उम्र 23 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय मनबहादुर, निवासी सांकरी बाजार, मोरी, जनपद उत्तरकाशी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मोरी में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
    👇 पुलिस टीम:👇

    👉दीपक रावत (थानाध्यक्ष मोरी)
    👉कांस्टेबल अनिल
    👉कांस्टेबल महिदेव सिंह

  • गंगोत्री/उत्तरकाशी:
    श्री गंगोत्री धाम के भव्य मंदिर प्रांगण में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर एक विशेष योग शिविर का शानदार आयोजन किया गया। यह शिविर शिवानंद आश्रम के अनुभवी योग साधकों के सानिध्य और दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ।


    हिमालय की शांत और आध्यात्मिक वादियों के बीच आयोजित इस शिविर में सुरक्षा बलों और आम जनता का अनूठा संगम देखने को मिला। योग शिविर में उत्तराखंड पुलिस, आईटीबीपी (ITBP), एसडीआरएफ (SDRF), और पीएसी (PAC) के जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

    इसके साथ ही देश-विदेश से गंगोत्री धाम पहुंचे तमाम इच्छुक तीर्थयात्रियों ने भी इस शिविर में प्रतिभाग कर योग की विभिन्न विधाओं का अभ्यास किया और स्वास्थ्य का संदेश दिया।


    प्राकृतिक और आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर मंदिर परिसर में आयोजित यह पूरा कार्यक्रम अत्यंत शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुआ। शिविर के समापन पर सभी ने योग को अपने दैनिक जीवन में उतारने का संकल्प लिया।

  • आज दिनांक 15 जून 2026 को 112 पर मोबाइल नंबर   6396181168 के द्वारा एक्सीडेंट की सूचना दी गई । कॉलर से बात की गई तो कॉलर श्री किशन कुमार पुत्र श्री राजेंद्र निवासी बड़कोट उम्र 21 साल के द्वारा बताया गया कि मै अपने भाई शोभित कुमार का एडमिशन उत्तरकाशी में कराकर अपनी मोटरसाइकिल नंबर UK 07 AS 9975 से अपने घर बडकोट जा रहा था तो गिनौटी गांव यमुनोत्री रोड पर बड़कोट की तरफ से आ रही इनोवा कार नंबर UK14 TB 0477 ने मुझे टक्कर मार दी ।

    मेरी टांग फैक्चर है और मेरी गाड़ी सड़क से नीचे गिर गई है और इनोवा गाड़ी शिव गुफा उत्तरकाशी की तरफ को भाग गई है। मौके पर पुलिस मौजूद है घायल को हॉस्पिटल भिजवाया जा रहा है।इनोवा कार को बैरिकेटिंग पर रोक दिया गया है।आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

  • उत्तरकाशी (डुंडा): डुंडा ब्लॉक सभागार में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंद प्रकाश की अध्यक्षता में गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के बीएलए कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम और ब्लॉक कांग्रेस की बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत उपस्थित रहे।


    बैठक में एस.आई.आर. की प्रक्रिया और ब्लॉक कांग्रेस संगठन के गठन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

    जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता और आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर बिपिन नौटियाल ने बीएलए कार्यकर्ताओं को जरूरी जानकारियां दीं।


    इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख कनकपाल परमार, सुधीश पंवार, कमल किशोर बहुगुणा, चमन लाल, जलम दास, उत्तम सिंह गुसाईं, प्रशांत नौटियाल, कमलेश मेहता और सुरेश नेगी सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

  • उत्तराखंड की एक और बेटी ने देश सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भारतीय वायुसेना में अधिकारी बनकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। मूल रूप से उत्तरकाशी के मांड्यासारी गांव और हाल निवासी देहरादून की आंचल रावत शनिवार को हैदराबाद की एयरफोर्स एकेडमी (AFA) में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड के बाद औपचारिक रूप से बतौर फ्लाइंग ऑफिसर कमीशन हो गईं।


    आंचल के पिता सूबेदार मेजर ऑनरेरी कैप्टन उदय सिंह रावत (रिटायर्ड) ने लंबे समय तक भारतीय सेना में रहकर देश की सेवा की है। पिता के सैन्य जीवन से प्रेरित होकर आंचल ने यह मुकाम हासिल किया। इस गौरवमयी अवसर पर एकेडमी में मौजूद भावुक माता-पिता ने बेटी के कंधों पर सितारे सजाए।

    आंचल की इस स्वर्णिम सफलता पर उनके गृहक्षेत्र में खुशी की लहर है और उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

  • जनपद में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत शुक्रवार को गंगोत्री विधानसभा के विधायक सुरेश चौहान और पुरोला विधानसभा के विधायक दुर्गेश्वर लाल ने जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य की उपस्थिति में अपना गणना फॉर्म भरा। दोनों विधायकों ने इस पहल के माध्यम से जनपद वासियों को जागरूक करते हुए लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण अभियान में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया।


    इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य ने वर्तमान में चल रहे घर-घर सर्वे (डोर-टू-डोर) अभियान को लेकर जनपद के समस्त नागरिकों, सामाजिक संगठनों और राजनैतिक दलों से बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का पूर्ण सहयोग करने की अपील की है।
    प्रवासी नागरिक ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन
    जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष रूप से उन नागरिकों के लिए जानकारी साझा की जो वर्तमान में अपने मूल गांव में नहीं रह रहे हैं और रोजगार, शिक्षा या अन्य कारणों से जनपद से बाहर निवासरत हैं।

    उन्होंने कहा कि ऐसे सभी नागरिक भी इस प्रक्रिया से अछूते न रहें। वे चुनाव आयोग के आधिकारिक पोर्टल voter.eci.gov.in पर जाकर स्वयं और अपने परिवार का फॉर्म बेहद आसानी से ऑनलाइन भर सकते हैं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे।

  • उत्तरकाशी, 12 जून 2026: उत्तराखंड के मत्स्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक शुरुआत करते हुए शुक्रवार को 05 टन ‘हिमालयन ट्राउट’ मछली की पहली खेप पड़ोसी देश नेपाल को निर्यात की गई। सूबे के कैबिनेट एवं जनपद प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने वर्चुअल माध्यम से इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहला कंसाइनमेंट सीमांत जिले पिथौरागढ़ से भेजा गया है।

    गौरतलब है कि इससे पहले भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) को की गई सफल आपूर्ति में उत्तरकाशी जनपद ने सर्वाधिक 130 क्विंटल ट्राउट देकर अग्रणी भूमिका निभाई थी।

    अब उत्तरकाशी के स्थानीय मत्स्य पालकों को सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ा जा रहा है। विभाग ने इसके लिए कोल्ड-चेन, आधुनिक पैकेजिंग और मजबूत परिवहन व्यवस्था तैयार की है। मंत्री बहुगुणा ने कहा कि इस ऐतिहासिक कदम से स्थानीय काश्तकारों, समितियों और स्वयं सहायता समूहों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा, रोजगार बढ़ेगा और पर्वतीय क्षेत्रों में रिवर्स पलायन को बढ़ावा मिलेगा।