• उत्तरकाशी। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट व जनपद प्रभारी मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा ने महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को चेक वितरित कर मातृशक्ति का सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत भटवाड़ी के मां गंगा सीएलएफ को 9.27 लाख रुपये और ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना के अंतर्गत पांच महिला उद्यमियों को 35-35 हजार रुपये के चेक सौंपे।


    प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सुशासन और डिजिटल क्रांति के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। आज ‘लखपति दीदी’ योजना से राज्य की महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार उत्तराखंड के विकास को नई ऊंचाई दे रही है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनियों का भी अवलोकन किया गया।


    इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य व पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

  • उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों से लोकतंत्र की एक बेहद खूबसूरत और सांस्कृतिक तस्वीर सामने आई है। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) के तहत जनपद के सीमांत क्षेत्र स्थित बरी गांव में जब बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करने पहुंचे, तो ग्रामीणों का उत्साह देखने लायक था। निर्वाचन आयोग की इस जमीनी मुहिम का स्वागत ग्रामीणों ने बेहद अनोखे और पारंपरिक अंदाज में किया।


    मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और अपडेटेड बनाने के इस अभियान को खास बनाने के लिए बरी गांव के नागरिकों ने अपनी समृद्ध लोक संस्कृति का प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने पारंपरिक ‘ताँदी’ और ‘हारुल’ नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। पहाड़ों में गूंजते पारंपरिक संगीत की थाप और थिरकते कदमों के बीच ग्रामीणों ने न केवल भारत निर्वाचन आयोग का धन्यवाद ज्ञापित किया, बल्कि पूरे सीमांत क्षेत्र में मतदाता जागरूकता का एक अनुकरणीय संदेश भी दिया।


    7 जुलाई तक घर-घर जाएंगे अधिकारी👇
    निर्वाचन आयोग की इस विशेष मुहिम के तहत बीएलओ आगामी 7 जुलाई तक क्षेत्र के प्रत्येक घर का व्यक्तिगत दौरा करेंगे। इस दौरान वे सभी ग्रामीणों को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें मौके पर ही भरकर वापस भी प्राप्त करेंगे। सीमांत वासियों ने आयोग की इस घर-द्वार वाली पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या संशोधन कराने में बुजुर्गों और युवाओं को काफी सहूलियत होगी।

    डीएम ने की सहयोग की अपील👇
    जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य ने जनपद के सभी नागरिकों से इस महत्वपूर्ण अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया है। उन्होंने अपील की है कि 7 जुलाई तक चलने वाले इस पुनरीक्षण कार्यक्रम में सभी लोग बीएलओ का पूरा सहयोग करें, सही जानकारी उपलब्ध कराएं और समय सीमा के भीतर अपने प्रपत्र भरकर अनिवार्य रूप से जमा करवाएं ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।

  • चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और नशामुक्त बनाने के लिए उत्तरकाशी पुलिस का अवैध गतिविधियों और तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक (एसपी) उत्तरकाशी, श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चेकिंग के दौरान बड़कोट पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने यमुनोत्री हाईवे पर फूलचट्टी के पास से एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से लाखों रुपये की अवैध स्मैक बरामद की है।


    चेकिंग के दौरान दबोचा गया आरोपी
    पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बड़कोट सुभाष चन्द्र के नेतृत्व में पुलिस टीम यात्रा मार्ग पर संदिग्धों और वाहनों की सघन निगरानी कर रही थी। कल शाम यमुनोत्री हाईवे पर फूलचट्टी के पास चलाए जा रहे इसी चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 9.34 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद स्मैक की कीमत करीब ₹2.80 लाख आंकी जा रही है।
    अभियुक्त की पहचान राहुल चौहान (उम्र 26 वर्ष), पुत्र अजब सिंह चौहान, निवासी ग्राम म्यूंडा, थाना चकराता, जिला देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली बड़कोट में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।


    यात्रियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता: एसपी
    मामले की जानकारी देते हुए एसपी उत्तरकाशी ने साफ किया कि चारधाम यात्रा के दौरान नशा तस्करी, मादक पदार्थों की बिक्री और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, मजबूत कानून व्यवस्था और शांतिपूर्ण यात्रा सुनिश्चित करना उत्तरकाशी पुलिस की सबसे पहली प्राथमिकता है और यह अभियान आगे भी इसी तरह आक्रामक रूप से जारी

  • विश्व प्रसिद्ध ट्रेकिंग स्थल दयारा बुग्याल क्षेत्र से लापता हुई महिला की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस और विभिन्न रेस्क्यू एजेंसियों का व्यापक खोज एवं बचाव अभियान (सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन) लगातार जारी है। लापता महिला का सुराग लगाने के लिए जमीन से लेकर आसमान तक टीमें जुटी हुई हैं।


    मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, श्रीमती कमलेश उपाध्याय स्वयं अभियान की निरंतर समीक्षा और निगरानी कर रही हैं। उनके निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार सूचना मिलने के बाद से ही दयारा ट्रैक क्षेत्र में कैंप किए हुए हैं और खुद मौके पर रहकर रेस्क्यू ऑपरेशन का नेतृत्व कर रहे हैं।
    👇संयुक्त टीमों का सघन तलाशी अभियान👇
    लापता महिला को ढूंढने के लिए पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF), एनडीआरएफ (NDRF), नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), राजस्व विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीमें दिन-रात जुटी हुई हैं। रेस्क्यू टीमें दयारा बुग्याल सहित उसके आसपास के घने जंगलों, गहरी खाइयों, पहाड़ी गदेरों, चट्टानों के बीच बने छोटे-छोटे उड्यारों (गुफाओं) और झाड़ी-झंखाड़ों जैसे हर संभावित और दुर्गम स्थानों पर बेहद बारीकी से गहन सर्चिंग अभियान चला रही हैं।
    युकाडा के हेलीकॉप्टर से हवाई सर्वेक्षण👇


    जमीनी खोज के साथ-साथ दुर्गम और पहुंच से बाहर वाले इलाकों पर नजर रखने के लिए तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है। युकाडा (UCADA) के हेलीकॉप्टर के माध्यम से दयारा ट्रैक और उसके आसपास के संपूर्ण हवाई क्षेत्र का गहन सर्वेक्षण किया जा रहा है, ताकि ऊंचाइयों या गहरी खाइयों में किसी भी संभावित स्थान की बारीकी से जांच की जा सके।


    प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, लापता युवती की सकुशल बरामदगी के लिए सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ हरसंभव प्रयास कर रही हैं और यह अभियान बिना रुके निरंतर जारी रहेगा।

  • उत्तरकाशी/गंगोत्री:
    विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम और गंगोत्री नेशनल पार्क क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण व स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान का आगाज किया गया। इस महा-अभियान में गंगोत्री नगर पंचायत, गंगोत्री मंदिर समिति, वन विभाग, स्थानीय साधु-संतों और आम जनता ने मिलकर बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।


    कार्यक्रम के दौरान गंगोत्री नेशनल पार्क के रेंज अधिकारी प्रदीप बिष्ट और पार्क प्रभारी राजवीर रावत की मौजूदगी में विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कर प्रकृति की रक्षा का संकल्प लिया गया। इसके साथ ही गंगोत्री नगरी में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को जागरूक किया गया।


    5 दिनों तक चलेगा अभियान:
    पार्क अधिकारियों के मुताबिक, पर्यावरण दिवस पर शुरू हुआ यह विशेष अभियान आगामी पांच दिनों तक लगातार जारी रहेगा। इसके तहत नेशनल पार्क क्षेत्र और आसपास के इलाकों में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण और सफाई अभियान चलाए जाएंगे।


    धाम के साधु-संतों और स्थानीय निवासियों ने पर्यावरण संरक्षण को मानव जीवन के लिए सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए हर नागरिक से प्रकृति की रक्षा की अपील की है। गंगा के उद्गम स्थल से उठा यह संदेश यहां आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को भी अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित कर रहा है

  • “ड्रग्स फ्री देवभूमि” और “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत उत्तरकाशी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड की कुख्यात महिला ड्रग माफिया और गैंगस्टर मेहराज को देहरादून स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया है।


    एसपी उत्तरकाशी, श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में पुलिस ने यह कामयाबी हासिल की। पुलिस के अनुसार, अप्रैल 2026 में उत्तरकाशी से स्मैक तस्करी में पकड़े गए दो युवकों (विनोद व शुभम) ने पूछताछ में खुलासा किया था कि वे देहरादून की मेहराज से स्मैक खरीदते थे। इसके बाद पुलिस ने मेहराज के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया था।
    न्यायालय से वारंट जारी होने के बाद सीओ जनक सिंह पंवार व प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम (एसआई प्रमोद कुमार, हेड कांस्टेबल महिपाल, महिला कांस्टेबल कविता) ने जाल बिछाकर 3 जून को अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया।


    पकड़ी गई अभियुक्ता मेहराज (पत्नी मुस्तकीम), निवासी खुशहालपुर (सहसपुर, देहरादून) लंबे समय से नशा तस्करी के नेटवर्क में सक्रिय है। उसके खिलाफ देहरादून और उत्तरकाशी के अलग-अलग थानों में एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और मारपीट के कुल 12 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
    उत्तरकाशी कोतवाली की इस टीम में मुख्य भूमिका निभाई 👇
    👉 उप निरीक्षक प्रमोद कुमार
    👉 हेड कांस्टेबल महिपाल सिंह
    👉 महिला कांस्टेबल कविता जोशी

  • उत्तरकाशी। भारत-चीन सीमा से सटी उत्तरकाशी जिले की नेलांग और जादूंग घाटियां आज भी जाड़ (भोटिया) समुदाय की अटूट आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की जीवंत गवाह हैं। वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान सुरक्षा कारणों से जादूंग, नेलांग और कारछा गांवों के निवासियों को बगोरी गांव में विस्थापित कर दिया गया था, लेकिन दशकों बाद भी अपने पैतृक गांवों और आराध्य देवताओं के प्रति उनकी श्रद्धा रत्ती भर भी कम नहीं हुई है।


    इसी अटूट श्रद्धा के चलते, प्रतिवर्ष जून माह के प्रथम सप्ताह में ग्रामीण जिला प्रशासन से विशेष अनुमति लेकर अपने देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना के लिए इस सीमांत क्षेत्र में पहुंचते हैं। इस वर्ष भी ग्रामीण अपने पैतृक लाल देवता, चैन देवता और रिंगाली देवी की पवित्र डोलियां लेकर जादूंग और नेलांग पहुंचे।
    पारंपरिक रांसो-तांदी नृत्य और गूंजे लोकगीत
    धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत नेलांग स्थित रिंगाली देवी चौक से हुई, जहाँ पूरे विधि-विधान के साथ माता की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक पारंपरिक ‘रांसो-तांदी’ नृत्य कर समां बांध दिया। नेलांग के बाद जादूंग घाटी में लाल देवता और चैन देवता की विशेष पूजा संपन्न हुई। पारंपरिक वेशभूषा में सजी स्थानीय महिलाओं और पुरुषों ने देव डोलियों के सम्मुख लोकगीत गाए और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर अपने आराध्य देवों को प्रसन्न किया।


    जवानों और पर्यटकों का मिला साथ
    पूजा-अर्चना के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को हलवा-पूरी का प्रसाद वितरित किया गया। इस भावुक और सांस्कृतिक पल के साक्षी सीमा पर तैनात भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवान और क्षेत्र में आए कई पर्यटक भी बने। जवानों ने भी धार्मिक अनुष्ठानों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

    शाम होते ही सभी ग्रामीण अपने पैतृक देवताओं का आशीर्वाद और सुख-समृद्धि की कामना लेकर वापस अपने विस्थापित गांव बगोरी लौट गए। सीमांत क्षेत्र के इन निर्जन गांवों में साल में एक बार बिखरने वाले आस्था, परंपरा और संस्कृति के ये रंग वाकई अनूठे हैं।

  • उत्तरकाशी। जनपद में पनीर के एक नमूने की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट में डिटर्जेंट पाए जाने पर कांग्रेस ने गहरा रोष व्यक्त किया है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी से मुलाकात कर खाद्य सुरक्षा आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा।


    युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष सुधीश पंवार द्वारा जांच हेतु भेजे गए पनीर के सैंपल (आईडी: 1008808) को लैब रिपोर्ट में ‘असुरक्षित’ घोषित किया गया है। जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत ने कहा कि खाद्य पदार्थों में डिटर्जेंट मिलना सीधे तौर पर जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है।

    उन्होंने संबंधित विक्रेता व निर्माता के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

    साथ ही जनपद की सभी डेयरियों व मिठाई दुकानों से नियमित सैंपल लेने की अपील की। इस दौरान जीतम सिंह रावत और भगवान चंद भी मौजूद रहे।

  • दयारा बुग्याल ट्रेक क्षेत्र से लापता हुई एक महिला ट्रेकर की सुरक्षित खोज के लिए पुलिस और प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। गत 29 मई 2026 की रात से लापता महिला का सुराग लगाने के लिए लगातार एक व्यापक और सघन खोज एवं बचाव अभियान (Search and Rescue Operation) चलाया जा रहा है।


    👇संयुक्त टीमों का गठन, हर दिशा में तलाशी👇
    बीते रविवार और सोमवार को चले लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद, आज 2 जून 2026 की सुबह से अभियान को और तेज कर दिया गया है। लापता ट्रेकर को ढूंढने के लिए विभिन्न रेस्क्यू एजेंसियों को मिलाकर विशेष टीमों का गठन किया गया है। इस महा-अभियान में निम्नलिखित एजेंसियां और स्थानीय लोग शामिल हैं:
    सुरक्षा बल एवं एजेंसियां: पुलिस, SDRF, NDRF, ITBP और भारतीय सेना।
    प्रशासनिक विभाग: वन विभाग एवं आपदा प्रबंधन QRT (Quick Response Team)।
    स्थानीय सहयोग: क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों से वाकिफ स्थानीय लोग और कूर्मी/पोटर्स।
    बचाव दल आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिसके तहत घने जंगलों और दुर्गम पहाड़ियों में ड्रोन कैमरों और श्वान दस्तों (स्निफर डॉग्स) की मदद से चप्पा-चप्पा छाना जा रहा है।


    👇अधिकारी खुद संभाल रहे हैं कमान👇
    घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) उत्तरकाशी, श्रीमती कमलेश उपाध्याय पहले दिन से ही पूरे सर्चिंग अभियान की पल-पल की समीक्षा और निगरानी कर रही हैं।
    उनके सख्त निर्देशों के बाद, पुलिस उपाधीक्षक (DSP) उत्तरकाशी, जनक सिंह पंवार पिछले 2-3 दिनों से लगातार दयारा ट्रेक क्षेत्र में ही कैंप किए हुए हैं। वह खुद इस बेहद चुनौतीपूर्ण खोज अभियान का मौके पर नेतृत्व कर रहे हैं।
    पुलिस-प्रशासन और सभी संबंधित रेस्क्यू एजेंसियां उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए महिला ट्रेकर को सकुशल ढूंढ निकालने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं.

  • नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक, सीबीएसई परीक्षा में कथित अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर सीमांत जनपद उत्तरकाशी में युवाओं का आक्रोश फूट पड़ा। मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित हनुमान चौक पर युवा कांग्रेस, छात्रसंघ पदाधिकारियों और एनएसयूआई (NSUI) कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया।


    पुतला दहन कार्यक्रम का नेतृत्व युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मनीष पंवार ने किया। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने कहा कि उत्तरकाशी जैसे सीमांत जिले के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हजारों रुपये खर्च कर देहरादून और हरिद्वार जाकर नीट की परीक्षा दी थी। परीक्षा प्रक्रिया में आई धांधली और अनिश्चितता के कारण आज छात्रों में भारी निराशा और आक्रोश है। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकारें कोई भी परीक्षा ईमानदारी से कराने में पूरी तरह विफल साबित हुई हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है।


    युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष पंवार ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और घोटालों के कारण देश के युवाओं का शिक्षा व्यवस्था से भरोसा उठ गया है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफे की मांग की और चेतावनी दी कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुधीश पंवार ने कहा कि देश का युवा अब अपने शिक्षा और रोजगार के हक के लिए जागरूक हो चुका है और सरकार की जनविरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करता रहेगा।


    इस विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष विनय मोहन चौहान, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि आयुष बिष्ट, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आदर्श राणा, जिला उपाध्यक्ष दीपक नेगी, पूर्व जिलाध्यक्ष मनीष राणा, रमन कटैथ, अमित सहित भारी संख्या में छात्र और युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।