नगरासू में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाने वाले निहंगों को कथित रूप से सम्मानपूर्वक छोड़े जाने के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने कड़ी आपत्ति जताई है। मामले में दोषियों पर त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर उक्रांद का एक प्रतिनिधिमंडल कल (गुरुवार, 25 जून) जिलाधिकारी उत्तरकाशी के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित करेगा।


उत्तराखंड क्रांति दल की केंद्रीय महामंत्री व केंद्रीय महिला प्रकोष्ठ की प्रभारी किरन रावत ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि नगरासू की घटना बेहद गंभीर है। जिस प्रकार से वहां कानून हाथ में लेने वाले तत्वों को बिना किसी कड़ी कार्रवाई के सम्मान के साथ भेजा गया, वह देवभूमि की कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है। दल इस प्रकार की ढिलाई को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।


उक्रांद नेताओं के अनुसार, कल दोपहर ठीक 12:00 बजे दल के कार्यकर्ता और पदाधिकारी जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचेंगे और प्रदर्शन करते हुए सूबे के मुखिया को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपेंगे। दल ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में जल्द से जल्द सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो उक्रांद प्रदेश स्तर पर उग्र आंदोलन के लिए विवश होगा।

Trending