
उत्तरकाशी:बड़ेथी गाड़ (वरुणा नदी) में नहाते समय डूबे 18 वर्षीय युवक अनमोल जोशी का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। घटना की जानकारी मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और आपदा प्रबंधन क्यूआरटी की टीमों द्वारा लगातार सघन खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार (26 जुलाई 2026) दोपहर लगभग 2:15 बजे तहसील डुंडा क्षेत्र के अंतर्गत बड़ेथी गाड़ ओपन टनल के पास ज्ञानसू (तहसील भटवाड़ी) निवासी अनमोल जोशी (18 वर्ष) पुत्र महेशचंद्र जोशी नदी में नहाते समय पानी के तेज बहाव में बह गया।

घटना की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, उत्तरकाशी की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू टीमों को मौके के लिए रवाना किया गया। रविवार को देर शाम तक चले तलाशी अभियान के बाद भी युवक का कोई पता नहीं चल सका।



सोमवार (27 जुलाई 2026) सुबह परिजनों के अनुरोध पर सुबह 09:00 बजे से पुनः बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। सर्च ऑपरेशन को प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन कैमरे के जरिए हवाई सर्वेक्षण किया जा रहा है।

इसके अलावा, नदी के गहरे पानी में खोजबीन के लिए एसडीआरएफ की ‘डीप डाइव’ टीम को भी तैनात किया गया है, जो चिन्यालीसौड़ और धरासू के संभावित नदी क्षेत्रों में गोताखोरी कर युवक की तलाश में जुटी हुई है।
आपदा प्रबंधन अधिकारियों का कहना है कि पुलिस और रेस्क्यू टीमों द्वारा संभावित स्थानों पर लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a comment