
ओएनजीसी ग्राउंड में ‘ड्रग फ्री उत्तराखण्ड वॉकथॉन’ को दिखाई हरी झंडी, नशामुक्त प्रदेश की दिलाई शपथ
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को डॉ. बी.आर. आम्बेडकर ग्राउंड, ओएनजीसी में ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित ‘ड्रग फ्री उत्तराखण्ड वॉकथॉन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं व सभी प्रतिभागियों को नशामुक्त उत्तराखण्ड की शपथ दिलाई और इस महाअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वॉकथॉन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ व सशक्त समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण जन-अभियान है। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को बर्बाद करता है, बल्कि पूरे परिवार की उम्मीदों को तोड़ देता है। जिन युवाओं के हाथों में किताबें होनी चाहिए और जिन्हें खेल के मैदान में पसीना बहाकर भविष्य संवारना चाहिए, वे नशे के चंगुल में फंसकर अपनी दिशा न भटकें, यह सुनिश्चित करना पूरे समाज की साझी जिम्मेदारी है।

👇नशे को ना, जिंदगी को हां’ का संदेश जन-जन तक पहुंचे👇
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्ति की लड़ाई अकेले सरकार या पुलिस के बल पर नहीं जीती जा सकती। इसके लिए अभिभावकों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों को आगे आना होगा। स्कूलों, कॉलेजों और खेल मैदानों से नशामुक्ति का संदेश हर घर और गांव तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस अभियान का नेतृत्व करें और दूसरों के लिए प्रेरणा बनें। दैनिक जीवन में खेल, योग और व्यायाम को अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली की ओर बढ़ें।

👇सख्त कार्रवाई के साथ पुनर्वास पर जोर👇
प्रदेश सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही नशे की चपेट में आए लोगों के उपचार, परामर्श और पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड वीरों, तपस्वियों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की भूमि है। युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, खेल, स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने हैं। उन्होंने आह्वान किया कि ‘नशे को ना, जिंदगी को हां’ के संकल्प को केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रखकर अपने आचार-विचार और व्यवहार का हिस्सा बनाएं।

👇ये रहे उपस्थित👇
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक सविता कपूर, उत्तराखण्ड राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा, डॉ. विकास लोईवाल तथा ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह बिष्ट सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply