ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान: बड़कोट पुलिस ने 5–6 नाली भूमि पर       लहलहा रही भांग की खेती को किया नष्ट
बड़कोट (उत्तरकाशी):
जनपद को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत बड़कोट पुलिस ने अवैध नशे के स्रोतों पर कड़ा प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए बड़कोट पुलिस टीम ने ग्राम पाली के बड़ाता तोक में लगभग 5–6 नाली बंजर भूमि पर प्राकृतिक रूप से उगी भांग की फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया।


पुलिस उपाधीक्षक चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर विनष्टीकरण की यह कार्रवाई पूरी की। पुलिस के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नशे के अवैध स्रोतों पर समय रहते अंकुश लगाना और युवा पीढ़ी को नशे की गर्त में जाने से बचाना है।


फसल नष्ट करने के बाद पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ बैठक कर उन्हें नशे के गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया कि नशा न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पूरे परिवार और सामाजिक ताने-बाने को भी तहस-नहस कर देता है।


पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि क्षेत्र में कहीं भी भांग, अफीम की अवैध खेती या मादक पदार्थों की तस्करी जैसी संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजेश कुमार, अपर उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, कांस्टेबल विपिन शर्मा, होमगार्ड सूर्यपाल सिंह तथा पीआरडी जवान सायब लाल व कृष्णा असवाल शामिल रहे।

Posted in ,

Leave a Reply