उत्तरकाशी, 13 जुलाई (सूचना): उत्तराखंड की संस्कृति और धार्मिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ विशेष ट्रेन यात्रा के लिए आज जनपद से श्रद्धालुओं का जत्था रवाना हुआ। ऐतिहासिक विश्वनाथ चौक पर आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान और विधायक सुरेश चौहान ने श्रद्धालुओं की बस को हरी झंडी दिखाकर देहरादून (हर्रावाला) के लिए रवाना किया।


सभी श्रद्धालु आज शाम देहरादून के हर्रावाला रेलवे स्टेशन से वेरावल (सोमनाथ) के लिए चलने वाली विशेष वातानुकूलित ट्रेन में सवार होंगे। इस दौरान पूरा माहौल ‘जय बाबा सोमनाथ’ और ‘जय बाबा विश्वनाथ’ के जयकारों से गुंजायमान रहा।


विधायक सुरेश चौहान और जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान ने इसे जनपद के लिए ऐतिहासिक व गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार जनता को अपनी सांस्कृतिक धरोहरों से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रही है। राज्य सरकार द्वारा उत्तराखंड के स्थायी निवासियों के लिए आयोजित यह यात्रा पूरी तरह से निःशुल्क है, जिसमें भोजन, ठहरने और परिवहन की मुकम्मल व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, परियोजना प्रबंधक (रीप) कपिल उपाध्याय सहित कई अधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Posted in ,

Leave a comment