
जनपद में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत शुक्रवार को गंगोत्री विधानसभा के विधायक सुरेश चौहान और पुरोला विधानसभा के विधायक दुर्गेश्वर लाल ने जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य की उपस्थिति में अपना गणना फॉर्म भरा। दोनों विधायकों ने इस पहल के माध्यम से जनपद वासियों को जागरूक करते हुए लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण अभियान में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य ने वर्तमान में चल रहे घर-घर सर्वे (डोर-टू-डोर) अभियान को लेकर जनपद के समस्त नागरिकों, सामाजिक संगठनों और राजनैतिक दलों से बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का पूर्ण सहयोग करने की अपील की है।
प्रवासी नागरिक ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन
जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष रूप से उन नागरिकों के लिए जानकारी साझा की जो वर्तमान में अपने मूल गांव में नहीं रह रहे हैं और रोजगार, शिक्षा या अन्य कारणों से जनपद से बाहर निवासरत हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे सभी नागरिक भी इस प्रक्रिया से अछूते न रहें। वे चुनाव आयोग के आधिकारिक पोर्टल voter.eci.gov.in पर जाकर स्वयं और अपने परिवार का फॉर्म बेहद आसानी से ऑनलाइन भर सकते हैं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे।

