
उत्तराखंड की एक और बेटी ने देश सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भारतीय वायुसेना में अधिकारी बनकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। मूल रूप से उत्तरकाशी के मांड्यासारी गांव और हाल निवासी देहरादून की आंचल रावत शनिवार को हैदराबाद की एयरफोर्स एकेडमी (AFA) में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड के बाद औपचारिक रूप से बतौर फ्लाइंग ऑफिसर कमीशन हो गईं।

आंचल के पिता सूबेदार मेजर ऑनरेरी कैप्टन उदय सिंह रावत (रिटायर्ड) ने लंबे समय तक भारतीय सेना में रहकर देश की सेवा की है। पिता के सैन्य जीवन से प्रेरित होकर आंचल ने यह मुकाम हासिल किया। इस गौरवमयी अवसर पर एकेडमी में मौजूद भावुक माता-पिता ने बेटी के कंधों पर सितारे सजाए।

आंचल की इस स्वर्णिम सफलता पर उनके गृहक्षेत्र में खुशी की लहर है और उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

