
नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक, सीबीएसई परीक्षा में कथित अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर सीमांत जनपद उत्तरकाशी में युवाओं का आक्रोश फूट पड़ा। मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित हनुमान चौक पर युवा कांग्रेस, छात्रसंघ पदाधिकारियों और एनएसयूआई (NSUI) कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया।
पुतला दहन कार्यक्रम का नेतृत्व युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मनीष पंवार ने किया। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने कहा कि उत्तरकाशी जैसे सीमांत जिले के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हजारों रुपये खर्च कर देहरादून और हरिद्वार जाकर नीट की परीक्षा दी थी। परीक्षा प्रक्रिया में आई धांधली और अनिश्चितता के कारण आज छात्रों में भारी निराशा और आक्रोश है। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकारें कोई भी परीक्षा ईमानदारी से कराने में पूरी तरह विफल साबित हुई हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है।

युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष पंवार ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और घोटालों के कारण देश के युवाओं का शिक्षा व्यवस्था से भरोसा उठ गया है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफे की मांग की और चेतावनी दी कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुधीश पंवार ने कहा कि देश का युवा अब अपने शिक्षा और रोजगार के हक के लिए जागरूक हो चुका है और सरकार की जनविरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करता रहेगा।

इस विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष विनय मोहन चौहान, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि आयुष बिष्ट, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आदर्श राणा, जिला उपाध्यक्ष दीपक नेगी, पूर्व जिलाध्यक्ष मनीष राणा, रमन कटैथ, अमित सहित भारी संख्या में छात्र और युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

