
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने पूर्व निर्धारित एकदिवसीय दौरे के तहत सीमांत जनपद उत्तरकाशी पहुंचे। जोशियाड़ा हेलीपैड पर उतरते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी व पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।

हेलीपैड से मुख्यमंत्री सीधे पौराणिक एवं ऐतिहासिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और मां शक्ति मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्य पुजारियों और वेदपाठी ब्राह्मणों के मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधानपूर्वक विशेष पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया।
शक्ति मंदिर में पहुंचकर उन्होंने मां जगदंबा की पवित्र त्रिशूल शक्ति के समक्ष दीप प्रज्वलित कर शीश नवाया।
दर्शन और पूजन के उपरांत मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि के कण-कण में देवी-देवताओं का वास है। उन्होंने भगवान विश्वनाथ और मां भगवती से संपूर्ण उत्तराखंड वासियों के निरोगी जीवन, सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।
इसके साथ ही उन्होंने सीमांत जनपद उत्तरकाशी के निरंतर समग्र विकास, आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण और दूरस्थ क्षेत्रों के जनकल्याण की मंगलकामना की।

मंदिरों में पूजा-अर्चना और साधु-संतों का आशीर्वाद लेने के बाद मुख्यमंत्री का काफिला रामलीला मैदान के लिए रवाना हुआ। यहां वे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित विशाल ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के साथ ही उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राज्य को देश का अग्रणी राज्य बनाने के संकल्प को दोहराया।

Leave a Reply