गंगोत्री नेशनल पार्क क्षेत्र स्थित 5,819 मीटर (लगभग 19,091 फीट) ऊंचे रुद्रगैरा शिखर पर शिवा एडवेंचर ट्रेक एंड टूर (सैट एक्सपेड्स) के पर्वतारोहण दल ने फतह हासिल की है। 9 सितंबर को पूरे हुए इस अभियान के साथ ही दल ने वर्षा ऋतु के बाद इस चोटी पर सीजन का प्रथम सफल आरोहण दर्ज कराया। इस दल में तेलंगाना और गुजरात समेत देश के विभिन्न राज्यों के पर्वतारोही शामिल रहे।


     👇🏾गंगोत्री से शुरू हुआ था सफर👇🏾
अभियान की शुरुआत 4 सितंबर को गंगोत्री धाम से हुई थी। दल पहले चरण में नाला कैंप पहुंचा और अगले दिन कठिन चढ़ाई पार कर रुद्रगैरा आधार शिविर (बेस कैंप) में डेरा डाला। आधार शिविर में तकनीकी तैयारियों और मौसम के मिजाज को भांपने के बाद पर्वतारोहियों ने मुख्य चोटी की ओर कदम बढ़ाए।


     👇🏾‘व्हाइट आउट’ ने ली कड़ी परीक्षा👇🏾
चोटी के समीप पहुंचते ही दल की राह में मौसम सबसे बड़ी बाधा बनकर खड़ा हो गया। सुबह मौसम पूरी तरह साफ था, लेकिन ऊंचाई पर पहुंचते ही घाटी घने कोहरे और बर्फबारी की चपेट में आ गई। ‘व्हाइट आउट’ की स्थिति बनने से दृश्यता शून्य के करीब पहुंच गई। शिखर से महज 100 से 200 मीटर की दूरी पर टीम ने अत्यधिक सतर्कता बरती। पर्वतारोही संदीप, पीटर और अन्य साथियों ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आपसी तालमेल और बैकअप के जरिए इस दुर्गम चुनौती को पार किया।

👇🏾 पर्वतारोही महिपाल रेड्डी (तेलंगाना) ने बताया:👇🏾
> “हमने गंगोत्री से पैदल यात्रा शुरू कर नाला कैंप और बेस कैंप का कठिन सफर तय किया। चोटी के ठीक नीचे अचानक मौसम बिगड़ने और भारी व्हाइट आउट के बावजूद टीम ने धैर्य नहीं खोया। सटीक रणनीति और आपसी सहयोग के बल पर ही हम 5,819 मीटर ऊंचे रुद्रगैरा पर सुरक्षित और सफल चढ़ाई पूरी कर सके।”


रुद्रगैरा अपनी सीधी ढलानों, हिमनदों और अप्रत्याशित मौसम के लिए तकनीकी रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण माना जाता है। मानसून के तुरंत बाद मिली इस कामयाबी से उत्तरकाशी के गंगोत्री क्षेत्र में साहसिक पर्यटन और उच्च-हिमालयी अभियानों को नया संबल मिलेगा।

Posted in ,

Leave a comment