
उत्तरकाशी (मोरी)।
मोरी विकासखंड के सीमांत क्षेत्र में वन्यजीवों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्राम पंचायत फिताड़ी निवासी 24 वर्षीय अनुरोध राणा पुत्र सिलदार सिंह राणा पर भालू ने जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद बदहाल सड़क व्यवस्था के चलते ग्रामीणों को घायल युवक को डांडी-कंडी के सहारे अस्पताल ले जाना पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह अनुरोध राणा अपने बगीचे की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान बोसनी तोक के समीप घात लगाकर बैठे एक भालू ने उन पर अचानक हमला कर दिया। युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह भालू को भगाकर युवक की जान बचाई।

👇सड़क बंद होने से बढ़ी परेशानी👇
ग्राम प्रधान कृष्णा राणा ने बताया कि क्षेत्र का मुख्य सड़क मार्ग बंद होने के कारण एंबुलेंस या अन्य वाहन मौके तक नहीं पहुंच सके। नतीजतन, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर घायल अनुरोध को डांडी-कंडी पर बैठाया और कई किलोमीटर पैदल चलकर अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क बंद रहने से आपातकालीन स्थिति में ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
👇ग्रामीणों में दहशत, गश्त बढ़ाने की मांग👇
भालू के इस हमले के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, नियमित गश्त बढ़ाने तथा जंगली जानवरों से ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए त्वरित व आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

Leave a comment