नौगांव (उत्तरकाशी):
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव में बुधवार को प्रसव के दौरान एक महिला की स्थिति अत्यंत गंभीर होने पर उसे जिला प्रशासन के सहयोग से हेली एंबुलेंस के जरिए दून अस्पताल, देहरादून के लिए एयरलिफ्ट किया गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पिपियारा (पोस्ट कुंवा) निवासी 28 वर्षीया अर्चना रावत पुत्री भरत सिंह को जुड़वा बच्चों के प्रसव हेतु नौगांव स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। दोपहर लगभग 12:21 बजे महिला ने एक शिशु को जन्म दिया, लेकिन दूसरे शिशु के प्रसव के दौरान अचानक गंभीर चिकित्सीय अवरोध (Obstruction) उत्पन्न हो गया। प्रसूता की बिगड़ती स्थिति और खतरे को देखते हुए तैनात चिकित्सकों ने तुरंत उच्च केंद्र रेफर करने की सलाह दी।


मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए परिजनों ने मरीज को एयरलिफ्ट कराने का अनुरोध किया। जिला प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए आपातकालीन हेली एंबुलेंस की व्यवस्था कराई गई। दोपहर 02:27 बजे मरीज को नौगांव चामी हैलीपैड से हेली एंबुलेंस के माध्यम से दून अस्पताल, देहरादून भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) ने पूरे समन्वय में मुख्य भूमिका निभाई।

Posted in ,

Leave a comment