उत्तरकाशी। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट व जनपद प्रभारी मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा ने महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को चेक वितरित कर मातृशक्ति का सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत भटवाड़ी के मां गंगा सीएलएफ को 9.27 लाख रुपये और ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना के अंतर्गत पांच महिला उद्यमियों को 35-35 हजार रुपये के चेक सौंपे।


प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सुशासन और डिजिटल क्रांति के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। आज ‘लखपति दीदी’ योजना से राज्य की महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार उत्तराखंड के विकास को नई ऊंचाई दे रही है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनियों का भी अवलोकन किया गया।


इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य व पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Trending