श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ के बीच एसपी कमलेश उपाध्याय ने दो दिन कैंप कर संभाली यमुनोत्री की कमान

उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा के दौरान यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ और यात्रा पीक को देखते हुए पुलिस मुस्तैद हो गई है। सुरक्षा व यातायात व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) उत्तरकाशी, श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। एसपी ने दो दिनों तक यमुनोत्री धाम के अंतिम पड़ाव जानकीचट्टी में कैंप कर सुरक्षा प्रबंधों का गहन निरीक्षण किया।


इस दौरान उन्होंने बिरला तिराहा, राम मंदिर, नौ कैंची सहित यमुनोत्री पैदल मार्ग के संवेदनशील स्थलों का भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। एसपी ने निर्देश दिए कि पैदल मार्ग पर एक समय में निर्धारित संख्या में ही घोड़ा-खच्चर और डंडी-कंडी का संचालन किया जाए ताकि भीड़ नियंत्रण प्रभावी रहे।


ड्रोन से निगरानी और मानसून प्लान तैयार जानकीचट्टी में हुई समीक्षा बैठक में एसपी ने पूरी यात्रा पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। आगामी मानसून सीजन को देखते हुए पालीगाड से जानकीचट्टी के मध्य संकरे मार्गों पर सुरक्षा बढ़ाने को कहा गया।

तय रणनीति के अनुसार, ट्रैफिक का दबाव बढ़ने पर श्रद्धालुओं को पालीगाड, कुथनौर, खरादी एवं बड़कोट होल्डिंग एरिया में नियंत्रित रूप से रोका जाएगा और आवश्यकतानुसार वन-वे व्यवस्था लागू की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सीओ बड़कोट चंचल शर्मा, सीओ लव शर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे

Trending