• उत्तरकाशी /विवेक सिंह सजवाण

    नगर निकाय सामान्य निर्वाचन के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी के निर्देशन में आज उत्तरकाशी पुलिस द्वारा बड़कोट बाजार में फ्लैग मार्च निकालकर आम जनमानस को पारदर्शी तथा भयमुक्त चुनाव का भरोसा दिलाया गया।


    पुलिस उपाधीक्षक संजय चौहान के नेतृत्व मे पुलिस के जवानों द्वारा बड़कोट बाजार क्षेत्र मे फ्लैग मार्च करते हुये आमजनता से बिना किसी भय व प्रलोभन के निर्भीक होकर मताधिकार का प्रयोग करने तथा आदर्श आचार संहिता के पालन करने की अपील की गयी।

    फ्लैग मार्च मे प्रभारी निरीक्षक(साइबर) प्रमोद उनियाल, थानाध्यक्ष बड़कोट दीपक कठैत, थानाध्यक्ष पुरोला मोहन सिंह कठैत सहित अन्य अधिकारी व जवानों द्वारा प्रतिभाग किया गया

  • उत्तरकाशी /विवेक सिंह सजवाण

    उत्तरकाशी मे गत 14 जनवरी 2025 से चल रहे माघ मेले (बाडाहाटा कू थौलू) बड़ी संख्या मे मेलार्थी मेला का लुत्फ़ उठाने पहुँच रहे है। उत्तरकाशी पुलिस द्वारा माघ मेले मे जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर मेलार्थियों को साइबर व यातायात नियमों की व्यापक जानकारी देकर जागरूक किया गया।


    कार्यक्रम मे यातायात निरीक्षक, राजेन्द्र नाथ द्वारा उपस्थित मेलार्थियों को यातायात नियमों व सड़क सुरक्षा की जानकारी देते हुये वाहन चलाते समय सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने, अपने नाबालिगो को वाहन/मोटर साइकिल न देने, शराब व नशे की हालत तथा ओवरस्पीड मे वाहन न चलाने की अपील की गयी। उनके द्वारा सभी को गुड़ सेमेरिटन की जानकारी देते हुये सड़क दुर्घटना के समय घायलों की मदद हेतु प्रोत्साहित किया गया।


    कार्यक्रम में हे0 कानि0 शक्ति सिंह द्वारा मेलार्थियों को साइबर अपराधों की व्यापक जानकारी देते हुए साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया, सभी को वर्तमान परिदृश्य में प्रचलित डिजिटल अरेस्ट की जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि

    यदि कोई कॉल/वीडियो कॉल कर पुलिस या किसी अन्य एजेंसी का अधिकारी बताकर आपके परिचित का किसी घटना में संलिप्त होने संबंधी बताकर आपसे पैसे की मांग करता है तो ऐसे साइबर ठगों के बहकावे में बिलकुल भी न आएं, किसी अनजान व्यक्ति को अपना OTP या व्यक्तिगत जानकारी  साझा न करने, अनजान ई–मेल अथवा लिंक पर क्लिक न करने आदि के संबंध में जागरूक करते हुए सभी को साइबर हेल्प लाइन नंबर 1930 की जानकारी दी।

    किसी भी वित्तीय साइबर की घटना होने पर तुरंत उक्त नंबर पर कॉल करने की हिदायत दी गई।

  • उत्तरकाशी /विवेक सिंह सजवाण

    नगर निकाय सामान्य निर्वाचन के दृष्टिगत  पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी के निर्देशन में आज उत्तरकाशी पुलिस द्वारा उत्तरकाशी जिला मुख्यालय में फ्लैग मार्च निकालकर आम जनमानस से निर्भीक होकर मतदान करने तथा बिना किसी प्रलोबन, लालच तथा भय के लोक तंत्र के पर्व में शामिल होने की अपील की गयी।


    प्रभारी निरीक्षक कोतवाली  अमरजीत सिंह एवं प्रभारी निरीक्षक माघ मेला दिनेश कुमार के नेतृत्व में उत्तरकाशी पुलिस के जवानों द्वारा जिला मुख्यालय में कोतवाली, विश्वनाथ चौक, कोर्ट रोड़, हनुमान चौक, मुख्य बाजार, बस अड्डा, सब्जी मण्डी, भैरवचौक आदि स्थानों पर फ्लैग मार्च करते हुये आमजनता को निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव का संदेश दिया गया।

    सभी को मताधिकार के प्रति जागरुक करते हुये आदर्श आचार संहिता के पालन करने की अपील की गयी।

  • उत्तरकाशी /विवेक सिंह सजवाण

    23 जनवरी नजदीक आते ही नगरपालिका अध्यक्ष  पद के प्रत्याशी अपने पक्ष में मतदान के  लिए सघन जनसंपर्क अभियान कर रहे  है । इस बीच बडकोट की जनता का भरपूर समर्थन का दावा कर रहे  है । बडकोट के लोग विभिन्न समय पर मेरे द्वारा किये कार्य व आंदोलनो का जिक्र  कर मेरे विजय के प्रति आशावान है ।

    ये बात सुनील थपलियाल ने अपने सघन जनसंपर्क अभियान के दौरान उत्तर दीप टुडे से वार्ता के दौरान कही ।

    थपलियाल के अनुसार बडकोट नगर की पेयजल समस्या,  कूडे का उचित निस्तारण, यमुनोत्री यात्रा का मुख्य पडाव होने के  चलते  साफ सफाई , आये दिन लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाना  । वार्ड के कच्चे रास्तो को पक्का करवाना ।

    सभी वार्ड में   सीवरलाइन की वयवस्था करना । यात्रामार्ग होने के चलते पेयजल  , महिला/पुरुष शौचालय ,पार्किग की अच्छी व्यवस्था करना  , देश विदेश से यमुनोत्री यात्रा के लिए आने वाले  यात्रियों के बीच नगर की वयवस्था की अच्छी छवि जाये । ये मेरी प्राथमिकताओ में शामिल रहेगा । हमारी आस्था का केन्द्र बिंदु देवस्थल व तीर्थ क्षेत्र है इन जगह की साफ सफाई व पवित्रता बनी रहे ।  ऐसा प्रयास  किया जायेगा  ।     इस बीच जनसंपर्क अभियान में सुनील  थपलियाल को महिलाओ , बुजुर्गो , युवा मतदाताऔं  का  समर्थन मिलता दिखाई पड रहा है ।

    इस दौरान सभी लोग भीषण पेयजल संकट  के दौरान  हुये   पेयजल आपूर्ति के लिए हुये आंदोलन को भी  याद भी कर रहे है । इस आंदोलन में सुनील थपलियाल की भूमिका की मुक्त कंठ से प्रशंसा कर रहे है ।

  •       उत्तरकाशी /विवेक सिंह सजवाण


    रूद्रनाथ यात्रा मार्ग पर तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए डीआरडीओ के ग्रीन हाई टेक प्रीफैब्रिकेटेड बायो टॉयलेट लगाए जाएगें। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने नई तकनीकी के बायो-डाइजेस्टर टॉयलेट लगाने के लिए केदारनाथ वन प्रभाग को 30 लाख की धनराशि अवमुक्त कर दी है।

    आगामी यात्रा सीजन से पहले रूद्रनाथ यात्रा मार्ग पर 10 बायो-डाइजेस्टर टॉयलेट स्थापित किए जाएंगे। इसमें 04 बायो टॉयलेट रूद्रनाथ, 04 ल्वींठी और 02 मौली खर्क में लगाए जाएंगे।

    जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर यात्रा मार्ग पर तीर्थयात्रियों के लिए सभी सुविधाएं जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने उच्च ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मानव अपशिष्ट निपटान के लिए एक पर्यावरण अनुकूल, रखरखाव-मुक्त, लागत-कुशल जैव-अपघटन तकनीक से बायो-डाइजेस्टर तकनीकी से टायलेट्स तैयार किए है।

    इन बायो टॉयलेट्स के नीचे बायो डाइजेस्टर कंटेनर लगा होता है। इस कंटेनर में एनेरोबिक बैक्टीरिया होते है।

    ये बैक्टीरिया सीवेज कचरे को पानी और गैस में बदल देते हैं। बायो डाइजेस्टर टेक्नोलॉजी एक स्वच्छ तकनीक है। इसमें सीवेज कचरे के निस्तारण की समस्या भी नही रहती है।

  • उत्तरकाशी /विवेक सिंह सजवाण

    38वें राष्ट्रीय खेल के शुभंकर मौली एवं मशाल तेजस्विनी का आज जिला मुख्यालय उत्तरकाशी आगमन पर हर्षोल्लास के साथ भव्य स्वागत हुआ। कलक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने मौली एवं तेजस्विनी का स्वागत कर राष्ट्रीय खेल के प्रचार-प्रसार हेतु रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के साथ ही मशाल थाम कर रैली में भी प्रतिभाग किया।

    इस अवसर पर जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों को उत्तराखंड राज्य को मेजबानी में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन हेतु बधाई देते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण आयोजन से राज्य में खेलकूद को प्रोत्साहित करने के साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर राज्य की विशेष पहचान बनेगी। रैली में अपर जिलाधिकारी पी.एल.शाह, जिला क्रीड़ा अधिकारी बबीता बिष्ट, जिला युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप भंडारी सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, एनसीसी कैडेट्स, छात्रों, प्रारद स्वयंसेवकों एवं खेल प्रेमियों ने प्रतिभाग किया।


    38वें राष्ट्रीय खेल के शुभंकर मौली एवं मशाल तेजस्विनी के स्वागत में आयोजित रैली नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए मनेरा स्टेडियम में संपन्न हुई।


    जिला क्रीड़ा अधिकारी बबीता बिष्ट ने बताया कि राष्ट्रीय खेल के प्रचार-प्रसार हेतु आज अपराह्न में 2.30 बजे मनेरा स्टेडियम में पांडवाज बैंड का कार्यक्रम एवं खेलकूद प्रतियोगताओं का आयोजन किया जाएगा। इसी उपलक्ष्य में शनिवार 18 जनवरी को पूर्वाह्न 10 बजे डुंडा में रैली तथा दोपहर 12 बजे चिन्यालीसौड़ में और रविवार 20 जनवरी को बड़कोट में रैली व खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

  • उत्तरकाशी /विवेक सिंह सजवाण

    स्थानीय नगर निकाय चुनाव व ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन-2025 के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती सरिता डोबाल के निर्देशन में उत्तरकाशी पुलिस द्वारा अवैध नशे,मादक पदार्थों व अवैध गतिविधियों की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस उपाधीक्षक बडकोट महोदय के निकट पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष बडकोट  दीपक कठैत के नेतृत्व में बडकोट पुलिस द्वारा कल  की देर सायं को देहरादून-बडकोट मार्ग पर तुनाल्का, केसारी खड्ड के पास से सिकेन्दर पुत्र राजू लाल गांव कंसोल थाना पुरोला  उर्म 29वर्ष को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया है, युवक के पास से 10 ग्राम स्मैक बरामद हुई है।(जिसकी किमत लगभग तीन लाख रुपये)


    बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर उक्त युवक के विरुद्ध थाना बडकोट पर NDPS Act की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है, आज अभियुक्त को मा0 न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जायेगा।युवक सिकेन्दर देहरादून से स्मैक खरीदकर यमुना घाटी में बेचता था, जो कि सीकू के नाम से जाना जाता है । पुलिस को काफी समय से उक्त युवक द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने की सूचनाएं प्राप्त हो रही थी, जिस पर पुलिस द्वारा उक्त युवक की निगरानी करते हुये सटीक जानकारी जुटाकर सुरागरसी-पतारसी करते हुये युवक को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया है।

    पुलिस टीम-
    1– उ0नि0  गम्भीर सिंह तोमर
    2–हे0का0 राजेश कुमार
    3-कानि0 विशाल छाछर

  • उत्तरकाशी /विवेक सिंह सजवाण

    नागर स्थानीय निकाय सामान्य निर्वाचन के लिए कार्मिकों को आज मतगणना के संबंध में पहले चरण का प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण में मतगणना कार्य हेतु नियुक्त 164 मतगणना पर्यवेक्षक एवं मतगणना अधिकारियों के साथ ही सभी नगर निकायों के रिटर्निंग व सहायक रिटर्निंग अधिकारियों तथा जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने भाग लिया।

    जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी (पं.) डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय स्थित रा. आ. कीर्ति इंटर कालेज के सुमन सभागार में आयोजित इस प्रशिक्षण में अपर जिलाधिकारी पी.एल.शाह ने कहा कि मतगणना कार्यक्रम निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत ही महत्वपूर्ण व संवेदनशील कार्य है। तय नियमों और प्रक्रियाओं का पूरी तरह से अनुपालन कर मतगणना को पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता तथा पारदर्शिता के साथ संपादित किया जाना जरूरी है।

    उन्होंने कहा कि मतगणना के संबंध में प्रशिक्षण में दी जाने वाली जानकारियों का पूरा ध्यान रखें और निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों तथा आरओ हैण्डबुक का भली-भांति अध्ययन कर मतगणना को सुव्यस्थित व त्रुटिरहित ढंग से संपादित करने की पूरी तैयारी कर ली जाय।

    प्रशिक्षण में जिला शिक्षा अधिकारी (प्रा.) शैलेंद्र अमोली, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर जोशी, मुख्य कृषि अधिकारी सचिन कुमार तथा के.पी.एस. भंडारी ने बतौर मास्टर ट्रेनर्स मतगणना से संबंधित नियमों व प्रक्रियाओं के संबंध में विस्तार से सैद्धान्तिक व व्यवहारिक जानकारी प्रदान की।

    इस अवसर पर उप जिलाधिकारी देवानंद शर्मा, मुकेश चंद रमोला, बृजेश कुमार तिवारी, गोपाल सिंह चौहान सहित जिले के नगर निकायों के अध्यक्ष तथा वार्ड सदस्यों के निर्वाचन हेतु नियुक्त रिटर्निंग व सहायक रिटर्निंग अधिकारी भी उपस्थित रहे।

  • उत्तरकाशी /विवेक सिंह सजवाण

    मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी ने राज्य सरकार के सभी कार्मिकों को मिशन कर्म योगी के तहत क्षमता विकास के ऑनलाइन प्रशिक्षण हेतु अनिवार्यत iGOT डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण के निर्देश दिए हैं | उन्होंने इस मामले में शत प्रतिशत लक्ष्य को समयबद्धता से पूरा करने के निर्देश दिए हैं

    | इसके साथ ही मुख्य सचिव ने सचिव महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास को सभी विभागों में कार्य स्थल पर महिलाओं के विरुद्ध होने वाले यौन शोषण से संबंधित कानून की जानकारी एवं प्रशिक्षण के कार्यक्रम तत्काल संचालित करने के निर्देश दिए हैं | इसके साथ ही मुख्य सचिव ने सभी विभागों के सचिवों एवं विभागाध्यक्षों को उनके विभाग के तहत संचालित की जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों हेतु भी जानकारी एवं जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक जनकल्याणकारी योजनाओं का आसानी से लाभ उठा सके | 



    उत्तराखण्ड सचिवालय में मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी ने भारत सरकार की क्षमता निर्माण आयोग (सीबीसी)  की सदस्य डॉ अलका मित्तल के साथ राज्य सरकार के सभी विभागों के सचिवों एवं विभागाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान क्षमता निर्माण आयोग से अनुरोध किया है कि सरकारी कार्मिकों की भांति ही नव निर्वाचित जन प्रतिनिधियों के लिए भी प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएं ताकि उन्हें भी प्रशासनिक प्रक्रियाओं तथा योजनाओं की जानकारी प्राप्त हो सके। इसके साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि नागरिकों हेतु विकसित भारत सहित सभी जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं जागरूकता से संबंधित प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाए। 



    बैठक में क्षमता निर्माण आयोग की सदस्य डॉ अल्का मित्तल ने बताया कि कर्मयोगी मिशन के तहत भारत सरकार का मुख्य फोकस सभी सरकारी कार्मिकों के क्षमता निर्माण एवं प्रशिक्षण पर है। अभी तक 100 केन्द्रीय संगठनों के लिए क्षमता निर्माण योजनाएं बन चुकी हैं। सिविल सर्विस प्रशिक्षण के लिए राष्ट्रीय मानक निर्धारित करते हुए 166 संस्थानों को मान्यता दी गई है। 10 लाख सिविल सेवकों के लिए बड़े स्तर पर जनसेवा कार्यक्रम प्रशिक्षण कार्यक्रम किए जा रहे हैं। iGOT डिजिटल प्लेटफाॅर्म पर 75 लाख अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया है। 14 राज्यों एवं संघ शासित प्रदेशों के साथ मिशन कर्मयोगी को लागू करने के लिए एमओयू किए गए हैं।

    बैठक में क्षमता निर्माण आयोग के सदस्यों एवं अधिकारियों के साथ ही प्रमुख सचिव श्री एल फैनई, सचिव श्री बी के सन्त, श्री चंद्रेश यादव, डॉ नीरज खैरवाल सहित सभी विभागों के सचिव एवं विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।

  • उत्तरकाशी /विवेक सिंह सजवाण

    अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, एम्स ऋषिकेश ने ड्रोन आधारित स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से बुधवार को हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित जेल परिसर में हेपेटाइटिस की दवा पहुंचाने में सफलता हासिल की। वापसी में ड्रोन कुछ कैदियों के ब्लड सैंपल लेकर एम्स लौटा।

    एम्स ऋषिकेश की ड्रोन मेडिकल सेवा नियमित स्तर पर राज्य के सुदूरवर्ती इलाकों तक दवा पहुंचाने का कार्य कर रही है। संस्थान द्वारा तकनीक आधारित इस मेडिकल सेवा का 2 साल पहले 16 फरवरी 2023 को पहला सफल ट्रायल किया गया था। उस दौरान पहली बार एम्स ने टिहरी के जिला चिकित्सालय में ड्रोन के माध्यम से टी.बी. की दवा पहुंचाई थी।

    इसी क्रम में संस्थान द्वारा बुधवार को हरिद्वार जेल में कुछ कैदियों के लिए हेपेटाइटिस सी की दवा पहुंचाई गई। संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने ड्रोन को सुबह 11 बजे एम्स के हैलीपेड से हरिद्वार के लिए रवाना किया। करीब 28 मिनट बाद ड्रोन हरिद्वार के रोशनाबाद में स्थित जेल परिसर में पहुंचा। जहां जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य और फार्मेसिस्टों ने दवाइयां प्राप्त कीं और वापसी में ड्रोन कुछ कैदियों के सैंपल भी लेकर आया है, जिन्हें जांच के लिए AIIMS की VRDL लैबोरेटरी भेजा गया है।

    इस अवसर पर डा. अजीत भदौरिया ने कहा कि भारत में हेपेटाइटिस सी एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, जिससे अनुमानित 6-10 मिलियन लोग प्रभावित हैं और इसकी राष्ट्रीय प्रसार दर लगभग 1 प्रतिशत है। इस सार्वजनिक स्वास्थ्य बोझ को कम करने के लिए, भारत सरकार ने जुलाई 2018 में राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम (NVHCP) शुरू किया और हम ड्रोन के माध्यम से हेपेटाइटिस सी की दवाएं एवं सैंपल्स ट्रांसपोर्टेशन में उपयोग कर रहे हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य वायरल हेपेटाइटिस के लिए व्यापक सेवाएं, जैसे कि जांच और उपचार, प्रदान करना है। इस अवसर पर रोहित गुप्ता डॉक्टर जितेंद्र प्रताप मथुरिया ड्रोन सेवाओं की कंसुलेटर डॉक्टर जितेंद्र गैरोला डीआर हरदीप मन्हास तकनीकी अधिकारी पंकज ठाकुर ट्रेक ईगल कंपनी के अधिकारी मौजूद रहे।