
भटवाड़ी (उत्तरकाशी)। विकास खंड भटवाड़ी की लंबे समय से उपेक्षित पड़ी जनसमस्याओं और मांगों को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भटवाड़ी मुख्यालय स्थित वन विश्राम गृह में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र के विकास को लेकर गंभीर चर्चा की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आगामी 25 जून से क्षेत्र में एक विशाल जनाक्रोश रैली निकाली जाएगी और अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग लंबे समय से की जा रही है। इसके लिए पूर्व में भी लगातार पत्राचार किया गया, लेकिन शासन-प्रशासन के उदासीन रवैये के कारण आज तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके अलावा, 2013 की भीषण आपदा के बाद से भटवाड़ी तहसील कार्यालय और विकास खंड कार्यालय सिर्फ नाम के रह गए हैं। यहाँ सक्षम अधिकारियों और कर्मचारियों के न बैठने से स्थानीय जनता को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए भटकना पड़ रहा है।

प्रधान संगठन भटवाड़ी के मीडिया संयोजक सन्दीप सिंह राणा ने बताया कि क्षेत्र की बदहाली को लेकर 22 जून को सभी जनप्रतिनिधियों ने गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान और जिलाधिकारी उत्तरकाशी से मुलाकात कर उन्हें तीन सूत्रीय मांग पत्र सौंपा था।
मांगें पूरी न होने पर अब 25 जून से क्षेत्रवासियों के सहयोग से विशाल आंदोलन का आगाज किया जा रहा है।
👇यह हैं क्षेत्र की 3 प्रमुख मांगें:👇
👉भटवाड़ी में अविलंब केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना की जाए।
👉गंगोरी से गंगोत्री तक आलवेदर रोड़ का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो।
👉भटवाड़ी तहसील और विकास खंड कार्यालय में अधिकारियों व कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

इस बैठक में क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, सभी ग्राम प्रधान और भारी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।

