विश्व प्रसिद्ध ट्रेकिंग स्थल दयारा बुग्याल क्षेत्र से लापता हुई महिला की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस और विभिन्न रेस्क्यू एजेंसियों का व्यापक खोज एवं बचाव अभियान (सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन) लगातार जारी है। लापता महिला का सुराग लगाने के लिए जमीन से लेकर आसमान तक टीमें जुटी हुई हैं।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, श्रीमती कमलेश उपाध्याय स्वयं अभियान की निरंतर समीक्षा और निगरानी कर रही हैं। उनके निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार सूचना मिलने के बाद से ही दयारा ट्रैक क्षेत्र में कैंप किए हुए हैं और खुद मौके पर रहकर रेस्क्यू ऑपरेशन का नेतृत्व कर रहे हैं।
👇संयुक्त टीमों का सघन तलाशी अभियान👇
लापता महिला को ढूंढने के लिए पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF), एनडीआरएफ (NDRF), नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), राजस्व विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीमें दिन-रात जुटी हुई हैं। रेस्क्यू टीमें दयारा बुग्याल सहित उसके आसपास के घने जंगलों, गहरी खाइयों, पहाड़ी गदेरों, चट्टानों के बीच बने छोटे-छोटे उड्यारों (गुफाओं) और झाड़ी-झंखाड़ों जैसे हर संभावित और दुर्गम स्थानों पर बेहद बारीकी से गहन सर्चिंग अभियान चला रही हैं।
युकाडा के हेलीकॉप्टर से हवाई सर्वेक्षण👇


जमीनी खोज के साथ-साथ दुर्गम और पहुंच से बाहर वाले इलाकों पर नजर रखने के लिए तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है। युकाडा (UCADA) के हेलीकॉप्टर के माध्यम से दयारा ट्रैक और उसके आसपास के संपूर्ण हवाई क्षेत्र का गहन सर्वेक्षण किया जा रहा है, ताकि ऊंचाइयों या गहरी खाइयों में किसी भी संभावित स्थान की बारीकी से जांच की जा सके।


प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, लापता युवती की सकुशल बरामदगी के लिए सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ हरसंभव प्रयास कर रही हैं और यह अभियान बिना रुके निरंतर जारी रहेगा।

Trending