डुंडा (उत्तरकाशी)। विकास खण्ड कार्यालय डुंडा में क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख राजदीप सिहं परमार व वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की गई। बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा करने के साथ ही विभिन्न गांवों से जुड़ी जनसमस्याओं को प्रमुखता से सदन के पटल पर रखा गया। बैठक को विकास कार्यों को गति देने के लिहाज से काफी सार्थक और रचनात्मक माना जा रहा है।


बीडीसी बैठक में उपस्थित समस्त जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की बुनियादी समस्याओं को बारी-बारी से उठाया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), विद्युत विभाग, सिंचाई विभाग, शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन, वन विभाग के साथ-साथ पीएमजीएसवाई और आरडब्ल्यूडी सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति, बिजली कटौती, पेयजल किल्लत और स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों व दवाओं की उपलब्धता को लेकर अधिकारियों से जवाब-तलब किया।


बैठक में मौजूद मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), उप जिलाधिकारी (एसडीएम) और खण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ) ने जनप्रतिनिधियों की शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने संबंधित विभागीय अफसरों को निर्देशित किया कि वे जनता की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें, ताकि विकास कार्यों का लाभ धरातल पर आम लोगों तक पहुंच सके।


इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी, ज्येष्ठ प्रमुख सरिता देवी, कनिष्ठ प्रमुख गोपाल अवस्थी, जिला पंचायत सदस्य हीरा लाल शाह, मदन बिजल्वाण सहित क्षेत्र के समस्त ग्राम प्रधानगण और क्षेत्र पंचायत सदस्यगण मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Trending