• उत्तरकाशी //विवेक सिंह सजवाण

    जनपद स्थित समस्त मदिरा की दुकान /गोदाम/ सैनिक कैंटीन 14 अप्रैल को डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जयंती के  अवसर पर  विक्री हेतु पूर्ण रूप से बंद रहेगी।



      जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने इस सम्बन्धं मेआदेश जारी करते हुए उत्तराखण्ड आबकारी विदेशी मदिरा एवं बीयर की फुटकर दुकानों की व्यवस्थापन नियमावली 2001, के नियम 16 में निहित प्राविधानों के अन्तर्गत  जनपद के अन्तर्गत समस्त विदेशी मदिरा दुकान एफ०एल०-5डी/गोदाम एफ0एल0-2/2बी/2ए/एफ०एल०-9/9ए (सैन्य कैन्टीन) डॉ० भीमराव अम्बेडकर जयन्ती के अवसर पर 14 अप्रैल को मदिरा / मादक द्रव्यों की बिक्री परिवहन एवं उपभोग हेतु पूर्णतया बन्द की जाती है।



    जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों/ आबकारी निरीक्षक क्षेत्र उत्तरकाशी,पुरोला,बड़कोट एवं डुण्डा को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत स्थित समस्त विदेशी मदिरा दुकानों / गोदामों-एफ0एल0-2/2बी/2ए/एफ0एल0-9/9ए (सैन्य कैन्टीन) को 14 अप्रैल को पूर्णतया बन्द रखना सुनिश्चित कराएंगे।

  •     उत्तरकाशी //विवेक सिहं सजवाण

           नये घुटने लगाओ और  चलते जाओ

    एम्स ऋषिकेश में “रोबोटिक नी- सर्जरी सप्ताह” का आयोजन किया गया। जिसके तहत अत्याधुनिक रोबोटिक तकनीक का उपयोग कर 16 घुटनों का सफलतापूर्वक प्रत्यारोपण किया गया।
    अस्थि रोग विभाग के तत्वावधान में रोबोटिक नी- सर्जरी सप्ताह का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत विभागाध्यक्ष प्रो. पंकज कंडवाल और अर्थ्रोप्लास्टी यूनिट प्रमुख प्रो. रूप भूषण कालिया के मार्गदर्शन में चिकित्सकीय टीम द्वारा सर्जरी की गई।


    इस अवसर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बताया कि  रोबोटिक तकनीक पारंपरिक घुटना प्रत्यारोपण की तुलना में अधिक सटीकता, सुरक्षित परिणाम और तेज रिकवरी सुनिश्चित करती है। इस तकनीक की मदद से घुटने की संरेखण (alignment) और लिगामेंट बैलेंसिंग बेहतर होती है, जिससे मरीज को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होते हैं। यह तकनीक सर्जरी के दौरान डॉक्टर को 3D इमेजिंग और कंप्यूटर असिस्टेंस के माध्यम से बेहतर नियंत्रण और उच्च परिशुद्धता प्रदान करती है।



    इस अवसर पर संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर (डॉ.) मीनू सिंह ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताया, साथ ही उन्होंने इस  उपलब्धि के लिए अस्थि रोग विभाग के प्रयासों की सराहना की। निदेशक एम्स ने कहा कि इस तरह की तकनीक को आम जनता तक पहुंचाना चिकित्सा जगत में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
    कहा कि, एम्स ऋषिकेश हमेशा नई और उन्नत चिकित्सा तकनीकों को अपनाने के लिए प्रयासरत रहता है। इसी क्रम में यह आयोजन संस्थान के सर्वोत्तम चिकित्सा सेवा प्रदान करने के लक्ष्य की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने बताया कि एम्स ऋषिकेश भविष्य में अपने रोगियों को अत्याधुनिक देखभाल प्रदान करने के लिए इस रोबोटिक तकनीक को प्राप्त करने की योजना बना रहा है । साथ ही साथ संस्थान इस तरह की नवीनतम तकनीकों को अपनाकर मरीजों के स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता को सुधारने के लिए सदैव तत्पर है।
    अस्थि रोग विभागाध्यक्ष प्रोफेसर पंकज कंडवाल ने बताया कि इस विशेष सप्ताह के दौरान उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए 10 मरीजों को इस अत्याधुनिक सुविधा का लाभ मिला। इन सर्जरी के माध्यम से मरीजों को बेहतर गुणवत्ता की चिकित्सा सेवा प्रदान की गई, जिससे उनका घुटना प्रत्यारोपण अधिक सफल और दीर्घकालिक रूप से प्रभावी हो सका। बताया गया है कि यह सुविधा सभी मरीजों को बिना किसी अतिरिक्त लागत के प्रदान की गई।
    इस अवसर पर प्रो. रूप भूषण कालिया ने रोबोटिक घुटना प्रत्यारोपण तकनीक की कार्यप्रणाली और इस तकनीक के इस्तेमाल से मरीजों को होने वाले स्वास्थ्य संबंधी लाभ विषय पर विशेष व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि यह तकनीक किस तरह से पारंपरिक सर्जरी की तुलना में अधिक सटीक परिणाम देती है।

  • उत्तरकाशी //विवेक सिंह सजवाण

    नशे की तस्करी में संलिप्त मुख्य सरगना को देहरादून से किया गिरफ्तार
    उक्त मामले में पुलिस की यह 7वीं गिरफ्तारी है

    ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन- 2025 के अंतर्गत चलाए जा रहे नशामुक्त अभियान के अन्तर्गत  उत्तरकाशी पुलिस अवैध नशे के सौदागरों पर लगातार नकेल कस रही है।  थाना पुरोला पुलिस द्वारा कल  अवैध नशे के मुख्य सरगना   शहजाद पुत्र इकबाल नि0 मेहुवाला माफी थाना पटेलनगर जनपद देहरादून उम्र- 47 वर्ष को देहरादून से गिरफ्तार किया गया है। शहजाद बहुत ही शातिर किस्म का अपराधी है, वह स्वयं अवैध मादक पदार्थ की तस्करी नही करता था, बल्कि पैडलरों के माध्यम से देहरादून में बैठकर करवाता था ताकि वह पकडा न जा सके।

    वह पैडलरों को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी हेतु फंडिंग कर पैसा मुहैया करवाता था तथा देहरादून से ही सारी अवैध गतिविधियों को पैडलरों के माध्यम से अंजाम देता था। पुरोला पुलिस द्वारा शहजाद के विरूद्ध  गहनता से जांच करते हुये पर्याप्त डिजिटल/इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाते हुये उसके मंसूबे पर पानी फेरकर पूरे गैंग का भाण्डाफोड किया गया। शहजाद द्वारा पूछताछ मे यह भी बताया गया कि वह अवैध नशीले व मादक पदार्थ को पैडलरों के माध्यम से एकत्र कर देहरादून क्षेत्र में स्कूल कॉलेजो मे पढने वाले युवाओं को बेचता था।
    अवैध नशीले व मादक पदार्थों की तस्करी के उक्त मामले में संलिप्त लोगों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही करते हुये पुलिस द्वारा अब तक कुल 07 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है।


    गौरतलब है कि नवंबर 2024 मे पुरोला पुलिस द्वारा शान्ति, मोनू व सावेज नाम के 3 तस्करों 2 किलो से अधिक चरस के साथ गिरफ्तार कर थाना पुरोला पर NDPS Act की धारा 8/20/60 के तहत मामला दर्ज किया गया था। उक्त मामले मे अभियुक्त शहजाद का मुख्य सरगना के रुप मे संलिप्त होना पाया गया, जिस पर पुलिस द्वारा अभियुक्त शहजाद के विरुद्ध धारा 27A/29 NDPS Act के तहत कार्यवाही करते हुए बीते रोज देहरादून से गिरफ्तार किया गया है।

    👇पुलिस टीम-👇
    👉उ0नि0 रतन सिंह
    👉कानि0 पूरण सिंह तोमर।

  • उत्तरकाशी //विवेक सिहं सजवाण

    डुण्डा में पुलिस ने 30 लोगों के किये सत्यापन, किरायेदार सत्यापन न करवाने पर 4 मकान मालिकों के चालान

    पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी के निर्देशन में उत्तरकाशी पुलिस का सत्यापन अभियान लगातार जारी है,

    पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी  के निकट पर्यवोक्षण तथा एसएचओ कोतवाली श्रीमती भावना कैन्थोला की देखरेख मे कल चौकी डुण्डा पुलिस द्वारा प्रभारी चौकी डुण्डा,  प्रकाश राणा के नेतृत्व में डुण्डा क्षेत्र में सत्यापन अभियान चलाकर बाहरी व्यक्तियों /मजदूरों/ फड़-फेरी, रेड़ी/ठेले लगाने वाले 30 के सत्यापन प्रपत्र भरकर जांच हेतु भेजे गये, किरायेदार सत्यापन न करवाने पर 4 मकान मालिकों के चालान किये गये।

    इस दौरान पुलिस टीम द्वारा बाहरी व्यक्तियों/मजदूरों तथा मकान मालिक/ठेकेदारों को पुलिस सत्यापन की अनिवार्यता के प्रति जागरूक किया गया।

  • उत्तरकाशी //विवेक सिंह सजवाण

    अवैध नशे की सौदागर महिला(गैगस्टर) मेहराज उर्फ़ भाभी को  पुलिस ने किया गिरफ्तार

    उत्तरकाशी पुलिस अवैध नशे के सौदागरों पर लगातार नकेल कस रही है।  अवैध नशे की सरगना  मेराज उर्फ मेहराज पत्नी मुस्तकीम निवासी खुशहालपुर, थाना सहसपुर जिला देहरादून, उम्र 45 वर्ष को देहरादून से गिरफ्तार किया गया है। मेराज उर्फ मेहराज यमुना घाटी व देहरादून में भाभी के नाम से मसहुर है।मेराज स्मैक/नशीले पदार्थों की तस्करी मे काफी लम्बे समय से लिप्त है।

    अभियुक्ता का काफी लम्बा-चौडा आपराधिक इतिहास है, जिसके विरुद्ध देहरादून मे गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी की जा चुकी है। गिरफ्तार अभियुक्त सीकू से गहन पूछताछ कर यह जानकारी जुटाने पर प्रकाश में आया कि देहरादून सहसपुर में मेराज उर्फ मेहराज पत्नी मुस्तकीम नाम की महिला रहती हैं, जो स्मैक माफिया हैं जिसके विरुद्ध देहरादून में आधा दर्जन से अधिक अभियोग पंजीकृत हैं, जो देहरादून से कई बार स्मैक/चरस (NDPS) के मामले में पहले भी जेल जा चुकी हैं।

    देहरादून पुलिस द्वारा मेराज के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी की जा चुकी है। उक्त महिला बहुत ही शातिर किस्म की अपराधी हैं, जो सहसपुर देहरादून से ही यमुना घाटी के नवयुवको स्मैक सप्लाई(उपलब्ध)कराती थी, जिसके एवज में वह नवयुवकों से काफी धनराशि वसूलती हैं।

      यह भी प्रकाश में आया कि यमुना घाटी के नशे के आदि सभी नवयुवकों को मेराज उर्फ भाभी ही स्मैक उपलब्ध कराती है। पुलिस द्वारा मेराज के खिलाफ धारा  8/21/27(A)/29 NDPS एक्ट अंतर्गत कार्रवाई करते हुये साक्ष्य एकत्र कर गहन पतारसी-सुरागरसी के उपरान्त अभियुक्ता को कल  उसके घर देहरादून, सहसपुर, खुशहालपुर में दबिश देकर गिरफ्तार किया।

             👇पुलिस टीम 👇

    👉 एस 0आई 0भूपेंद्र सिंह रावत
    👉हेoकाoविशाल छाछर
    👉म0का0 किरन

  • उत्तरकाशी //विवेक सिंह सजवाण

    ग्रामीणों को नशा, साइबर तथा समान नागरिक संहिता के प्रति किया जागरुक।

    उत्तरकाशी पुलिस द्वारा युवाओं एवं आमजन को जागरुक करने के उद्देश्यसे मोरी के सुदुरवर्ती गाँव फिताडी मे “पुलिस की चौपाल” लगाकर आमजन को उनके अधिकारो के प्रति जागरूक किया।

    ।जनजागरुकता अभियान के तहत थानाध्यक्ष मोरी  रणवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में मोरी पुलिस द्वारा कल  सुदुरवर्ती गांव फिताडी में  “पुलिस की चौपाल” लगाकर ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर तथा महिला अपराध के साथ समान नागरिक संहिता तथा भारत के 03 नये आपराधिक कानून भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, भारतीय साक्ष्य अधिनियम की जानकारी देकर लोगो को उनके अधिकारों के प्रति सजग किया गया।

    पुलिस द्वारा ग्रामीणों के नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराध से बचाव सम्बन्धी जनजागरुकता पम्पलेट भी वितरित किये गये।

  • उत्तरकाशी //विवेक सिहं सजवाण

    जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने चारधाम यात्रा से जुड़े विभिन्न संगठनों के साथ बैठक कर आसन्न चारधाम यात्रा की तैयारियों एवं विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में विचार-विमर्श किया।
    चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों की सुविधा व सुगमता पर विशेष ध्यान देते हुए तेजी से सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। जिलाधिकारी ने चारधाम यात्रा के सुव्यवस्थित व सुचारू संचालन के लिए सभी हितबद्ध लोगों से सहयोग करने का आग्रह करते हुए कहा कि यात्रा को लेकर प्रशासन के द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

    जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में घाटों के सुधार एवं सुरक्षा कार्यों को यात्रा शुरू होने से पहले संपन्न कराने के साथ ही यमुनोत्री धाम के पैदल मार्ग के अनुरक्षण व यात्रा पड़ावों पर विभिन्न सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि यमुनोत्री व गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के संकरे हिस्सों को दो वाहनों के निकलने योग्य बनाने और भूस्खलन प्रभावित हिस्सों में आवाजाही को सुरक्षित व सुचारू बनाए रखने हेतु इस बार अनेक जगहों पर तेजी से कार्य कराए जा रहे हैं। गंगोत्री मार्ग पर हीना से झाला तक रि-सरफेसिंग के साथ ही सिलक्यारा से रॉडी टॉप होते हुए पोलगांव तक भी सड़क का सुधार व डामरीकरण का कार्य कराया जा रहा है।


    जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा प्रबंधन व तीर्थयात्रियों की सुविधा को लेकर स्वीकृत कार्यो को समय से पूरा करने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। जिलाधिकारी ने यमुनोत्री व गंगोत्री मंदिर समितियों से मंदिर में पूजन-दर्शन की अवधि बढाए जाने की अपेक्षा करते हुए कहा कि धामों पर यात्रियों को अधिक से अधिक सुविधाएं प्रदान करने हेतु प्रशासन प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है। सफाई एवं कूड़ा प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि जाकनीचट्टी में घोड़ा-पड़ाव की व्यवस्थाओं को बेहतर करने पर भी इस बार विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने मंदिर समितियों, होटल एवं ढाबा संचालकों सहित यात्रा से जुड़े विभिन्न व्यवसायों से संबद्ध लोगों से कहा कि यात्रा को सुचारू व सफल बनाने तथा तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए सभी को मिलजुल कर काम करना आवश्यक है।

    बैठक में एसडीएम भटवाड़ी मुकेश चंद रमोला, सचिव गंगोत्री मंदिर समिति सुरेश सेमवाल, यमुनोत्री मंदिर समिति उपाध्यक्ष संजीव उनियाल, सहसचिव गौरव उनियाल, चारधाम होटल एशोसियेशन के अध्यक्ष अजय पुरी, होटल एशोसियेशन के अध्यक्ष शैलेन्द्र मटूड़ा, यमुना घाटी होटल एशोसिएशन के अध्यक्ष सोबन सिंह राणा, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष रमेश चौहान, अध्यक्ष बस यूनियन गोपाल सिंह राणा, अशोक सेमवाल, महावीर पंवार समेत यात्रा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

  • उत्तरकाशी //विवेक सिहं सजवाण

    ब्लॉक संसाधन केंद्र देवीधार डुण्डा में महिला सशक्तिकरण एंव बाल विकास विभाग के द्धारा तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला मे आंगबाडी कार्यकात्रीयो ने प्रतिभाग किया और उन्हे प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला के सम्मापन पर   बाल विकास परियोजना अधिकारी श्रीमती बबिता शाह , मास्टर ट्रेनर अजीम प्रेमजी फाउंडेशन उत्तरकाशी से  जफर, सुपरवाईज़र श्रीमती कल्पना बिष्ट, श्रीमती बिमल देई रमोला मौजूद रहे।

    बाल विकाश परियोजना सुपरवाइजर अर्चना चौहान ने बताया कि इस कार्यशाला मे  40 आंगनबाड़ी कार्यकत्रीयो के द्वारा प्रतिभाग किया गया। कार्यशाला में आंगनवाड़ी कार्यकात्रीयो को रद्दी कागज,रददी कपड़े व फूल पत्तीयो, मिट्टी से आकृति बनाना एवं भावगीत, कहानी , बच्चों के सर्वांगीण विकास जैसे शारीरिक, बौद्धिक, सामाजिक, मानसिक, रचनात्मक, संज्ञानात्मक,भाषा का विकास, पोषण , कुपोषित अतिकुपोषित, स्तनपान, खाधान्न की विविधता, आदि पर कार्यशाला काआयोजन नयी शिक्षा नीति के अनुसार  किया गया। कार्यशाला महिला सशक्तिकरण एंव बाल विकास के द्धारा आयोजित की गयी।

  • उत्तरकाशी //विवेक सिंह सजवाण

    मूत्र रोगों से ग्रसित महिलाओं के लिए मंगलवार को संचालित होता है विशेष क्लीनिक

    यदि आप महिला हैं और विभिन्न प्रकार के मूत्र रोगों से ग्रसित हैं तो संकोच छोड़कर एम्स आईये और इलाज हेतु संस्थान के मूत्र रोग विभाग की ओपीडी से परामर्श लें। यूरोलाॅजी विभाग द्वारा प्रत्येक मंगलवार की ओपीडी में अपरान्ह समय महिला मूत्र रोगियों के लिए यह विशेष क्लीनिक संचालित किया जाता है। 



    पुरूषों की तरह आम महिलाओं को भी मूत्र रोग संबन्धित विभिन्न प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लेकिन अधिकांश मामलों में शर्म और संकोच करने की वजह से उनकी यह समस्याएं धीरे-धीरे गंभीर होती चली जाती हैं। ऐसे मामलों में एम्स ऋषिकेश के यूरोलाॅजी (मूत्र रोग विभाग) ने महिलाओं से संकोच छोड़कर विभाग द्वारा संचालित फीमेल पेल्विक क्लीनिक में आने की सलाह दी है। विभाग के हेड डाॅ. अंकुर मित्तल ने इस बारे मे बताया कि महिलाओं के मूत्र संबंधी रोगों के उपचार के लिए समर्पित फीमेल पेल्विक मेडिसिन और न्यूरो-यूरोलॉजी क्लिनिक का संचालन प्रत्येक मंगलवार को अपरान्ह 2 बजे से 4 बजे तक किया जाता है। उन्होंने बताया कि यह क्लीनिक तृतीय तल पर स्थित यूरोलॉजी विभाग की ओपीडी में संचालित होता है। जहां अनुभवी यूरोलाॅजिस्ट डॉक्टर महिलाओं की विभिन्न मूत्र संबन्धित समस्याओं का उपचार करते हैं। डाॅ0 मित्तल ने बताया कि सही समय पर जांच और उपचार करवाने से इन समस्याओं को पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा मूत्र रोग से ग्रसित लगभग 200 से अधिक महिलाओं की सर्जरी कर उन्हें स्वास्थ्य लाभ दिया जा चुका है।



    इंसेट-
    महिलाओं में यूरोलॉजिकल बीमारियों की जागरूकता जरूरी क्यों ?
    विशेषज्ञ चिकित्सकों के अनुसार महिलाओं में मूत्र संबंधी बीमारियां आम बात है लेकिन शर्म और सामाजिक कारणों से कई महिलाएं डॉक्टर से परामर्श लेने में संकोच करती हैं और अस्पताल जाने से कतराती हैं। इस लापरवाही से भविष्य में उनकी यह समस्याएं  गंभीर हो सकती है। जबकि समय रहते सही इलाज करने से ऐसी महिलाएं सामान्य और स्वस्थ जीवन जी सकती हैं।



    इंसेट-
    महिलाओं में पाई जाने वाली प्रमुख यूरोलॉजिकल समस्याएं
    – यूरिनरी इन्कॉन्टिनेंस (मूत्र असंयम)- अनियंत्रित मूत्र रिसाव
    – वेसिकोवेजाइनल फिस्टुला- मूत्राशय और योनि के बीच असामान्य मार्ग
    – यूटेरोवेजाइनल फिस्टुला- मूत्रवाहिनी (यूरेटर) और योनि के बीच असामान्य मार्ग
    – वेसिकोयूटेराइन फिस्टुला- मूत्राशय और गर्भाशय के बीच असामान्य मार्ग
    – महिला मूत्रमार्ग संकुचन (यूरेथ्रल स्ट्रिक्चर)
    – ओवरएक्टिव ब्लैडर- बार-बार पेशाब आने की समस्या
    – इंटरस्टिशियल सिस्टाइटिस- मूत्राशय में लगातार जलन और दर्द
    – वॉल्ट प्रोलैप्स- योनि का अंदरूनी हिस्सा नीचे आना
    – स्ट्रेस यूरिनरी इन्कॉन्टिनेंस- खांसने, छींकने या हंसने पर मूत्र रिसाव
    – बार-बार पेशाब में संक्रमण (रिकरंट यूटीआई)
    – न्यूरोजेनिक ब्लैडर- नसों की समस्या के कारण मूत्राशय का सही से काम न करना

  • उत्तरकाशी //विवेक सिहं सजवाण

    अवैध उपखनिज भरे 09ट्रक आंनलाइन सीज किये

    अवैध खनन के विरूद्ध खनन विभाग द्वारा चिन्यालीसौड मे बडी कार्यवाही करते हुये ।खनन विभग ने 09ट्रक आंनलाइन सीज किया। बता दे की चिन्यालीसौड मे रात्रि केअंधेरे मे बिना राजस्व दिये अवैध खनन कर रहे है।

    जब इसकि  गोपनीय सुचना जिला खान अधिकारी प्रदीप कुमार को मिली  कि चिन्यालीसौड़ में भागीरथी नदी के किनारे खच्चरों की सहायता से अवैध खनन कर रेता नदी के किनारे पर जमा किया जाता है, जहां से रात में वाहनों के माध्यम से विभिन्न स्थानों के लिए  भेजा जाता है।  सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए  चिन्यालीसौड़ के नगुन सीमा की ओर से नदी की तरफ जाने वाले वाहनों की निगरानी करने के बाद रात्रि में नदी तटों पर छापामार कार्रवाई करते हुऐ खनन विभाग की टीम के द्वारा सुनार गांव के निकट आर्च पुल के नीचे जाने पर वहां रेता भरे 05 ट्रक पकड़े।  इस टीम के द्वारा धरासू-लम्बगांव मार्ग पर भी दो वाहन पकड़े गए।

    जिला खान अधिकारी ने बताया कि इन वाहनों को सीज कर  ऑनलाइन चालान किया गया है। रेता भरने की फिराक में सड़क किनारे खड़े मिले कई ट्रक भी इस कार्रवाई की भनक लगते ही भाग गये। उन्होंने बताया कि अवैध खनन एवं उप खनिजों के अवैध परिवहन के विरूद्ध इस तरह की कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।

    जिला खान अधिकारी ने बताया है कि अवैध खनन, परिवहन भण्डारण नियमावली 2024 के अनुसार एक खनन सत्र में किसी वाहन के दो से अधिक बार पकडे जाने पर उन्हें आदतन अपराधी मानते हुए पकड़े गये वाहनों को जब्त कर राज्य सरकार में समाहित किये जाने का प्राविधान है। जिसे राज्य की संपत्ति घोषित कर दिया जायेगा, जिसकी नीलामी कर प्राप्त धनराशि को विभागीय लेखा शीर्षक में जमा किया जायेगा