
उत्तरकाशी।
डाकघर में जमा अपनी जीवनभर की कमाई सुरक्षित रखने का भरोसा एक सेवानिवृत्त महिला के लिए परेशानी का कारण बन गया है। उत्तरकाशी के बड़ेठी निवासी स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त श्रीमती सुमित्रा राणा ने डाकघर के बचत खाते से 10 लाख रुपये की कथित अनधिकृत निकासी का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उनकी जानकारी और अनुमति के बिना खाते से यह बड़ी धनराशि निकाल ली गई।

सुमित्रा राणा के अनुसार, उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई भविष्य की सुरक्षा के उद्देश्य से डाकघर की बचत योजना में जमा की थी। खाते से धनराशि निकलने की जानकारी मिलने के बाद से वह न्याय के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। इस संबंध में उन्होंने उत्तरकाशी कोतवाली में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है। मामले में पुलिस जांच और जांच कमेटी की पड़ताल की बात कही गई है, लेकिन अभी तक उन्हें अपनी धनराशि वापस नहीं मिल पाई है।

प्रधानमंत्री को पत्र लिखने और भूख हड़ताल की चेतावनी
लंबे समय से न्याय की उम्मीद लगाए बैठीं सुमित्रा राणा अब इस मामले को उच्च स्तर तक ले जाने की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने डाक विभाग, भारत सरकार के सचिव को शिकायती पत्र भेजकर पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री को भी पत्र लिखने और न्याय नहीं मिलने पर भूख हड़ताल करने की चेतावनी दी है।
भुगतान रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग
डाक विभाग को भेजे गए पत्र में सुमित्रा राणा ने खाते से हुई कथित निकासी के भुगतान वाउचर, निकासी पर्ची, हस्ताक्षर, लेन-देन के रिकॉर्ड और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने यह भी अनुरोध किया है कि यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही अथवा संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अपनी 10 लाख रुपये की जमा पूंजी वापस दिलाने और जांच की प्रगति से उन्हें अवगत कराने की मांग भी की है।
जीवनभर लोगों की सेवा की, आज खुद न्याय की आस में
स्वास्थ्य विभाग में वर्षों तक सेवाएं देकर सेवानिवृत्त हुईं सुमित्रा राणा का कहना है कि उन्होंने जीवनभर लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं और दवाइयां उपलब्ध कराने का काम किया, लेकिन आज अपनी ही मेहनत की कमाई वापस पाने के लिए उन्हें संघर्ष करना पड़ रहा है।

उनका कहना है कि यह मामला केवल उनकी व्यक्तिगत जमा पूंजी का नहीं, बल्कि डाकघर की बचत व्यवस्था पर आम जनता के विश्वास से भी जुड़ा है।
फिलहाल सुमित्रा राणा को अपनी जमा पूंजी वापस मिलने और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई का इंतजार है। अब देखना होगा कि डाक विभाग और संबंधित जांच एजेंसियां इस मामले में क्या कदम उठाती हैं।

Leave a Reply