
पूर्व में कई बार NDPS एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत हो चुकी है कार्रवाई
उत्तरकाशी जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ उत्तरकाशी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस ने चेकिंग के दौरान जोशियाणा नहीं, बल्कि जोकाणी, ज्ञानसू के समीप एक व्यक्ति को 6.26 ग्राम अवैध स्मैक और ₹9,200 की नकदी के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शोभित उर्फ बबलू के रूप में हुई है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 1.90 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस का कहना है कि बरामद नकदी स्मैक बिक्री से अर्जित की गई थी।

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 15 नवंबर की शाम चेकिंग के दौरान आरोपी को पकड़ा।
अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली उत्तरकाशी में NDPS एक्ट की धारा 8/21/27A के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ उत्तरकाशी और हरिद्वार में पूर्व में भी NDPS एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा उसके विरुद्ध वर्ष 2019 में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
**पुलिस टीम में** उपनिरीक्षक जगत सिंह, अपर उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह, मुख्य आरक्षी गोविन्द गुसाईं तथा चालक जयेन्द्र सिंह शामिल रहे।
उत्तरकाशी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply