
किरूण गांव मे शराब मुक्त समाज की ओर बढ़ते कदम, नियमों के उल्लंघन पर भारी अर्थदंड का प्रावधान
ग्राम पंचायत मजकोट पिपली के राजस्व ग्राम किरूण में सामाजिक सुधार की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम उठाया गया है। बीते बुधवार को माँ राजराजेश्वरी मंदिर प्रांगण में आयोजित एक विशेष बैठक में ग्रामवासियों और विशेषकर महिला शक्ति ने सर्वसम्मति से गांव में पूर्ण शराबबंदी लागू करने का ऐतिहासिक फैसला लिया है।

ग्राम प्रधान श्रीमती वंदना अमित राणा के नेतृत्व में लिए गए इस निर्णय के अनुसार, आगामी 1 अप्रैल 2026 से गांव के किसी भी पारिवारिक या सार्वजनिक कार्यक्रम (शादी, मेहंदी, मुंडन, जन्मदिन आदि) में शराब परोसना पूरी तरह प्रतिबंधित होगा।
यदि कोई परिवार शादी या किसी उत्सव में शराब परोसता पाया जाता है, तो उस पर 51,000 रुपये का भारी अर्थदंड लगाया जाएगा।
समारोह में शराब पीकर हुड़दंग या अभद्र व्यवहार करने वाले व्यक्ति पर 2,100 रुपये का जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा के मद्देनजर, बिना ग्राम प्रधान की अनुमति के किसी भी बाहरी फेरीवाले का गांव में प्रवेश वर्जित होगा। नियम तोड़ने पर 500 रुपये का दंड देना हेगा

इस मुहिम को धरातल पर उतारने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने का पूरा अधिकार महिला मंगल दल की टीम को दिया गया है। बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव समेत पूरी टीम ने गांव को नशा मुक्त बनाने की शपथ ली।
ग्राम प्रधान वंदना अमित राणा ने इस फैसले का समर्थन करने के लिए समस्त ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय आने वाली पीढ़ी के भविष्य को सुरक्षित करने और गांव की सुख-शांति के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

