
जनपद के तेखला-माण्डो बाईपास मार्ग पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहाँ ग्राम माण्डो के समीप एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गहरी खाई को पार करते हुए सीधे भागीरथी नदी में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है। मंगलवार सुबह सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) के निर्देश पर पुलिस, SDRF और आपदा प्रबंधन की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुँची टीमों ने दुर्गम परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद शव को नदी के किनारे से मुख्य सड़क तक पहुँचाया।
हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 39 वर्षीय विजय थाप पुत्र श्री राम सिंह थाप के रूप में हुई है। मृतक मूल रूप से नेपाली निवासी थे और वर्तमान में जनपद के ग्राम बार्सू में रह रहे थे।
अस्पताल भेजा गया शव
घटनास्थल पर राहत कार्यों के बाद शव को मॉर्चरी वाहन की मदद से जिला अस्पताल उत्तरकाशी लाया गया है। जहाँ पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जाएगी। पुलिस प्रशासन अब दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने में जुट गया है कि आखिर बाइक किस वजह से अनियंत्रित हुई।

