
उत्तरकाशी विवेक सिंह सजवाण
जिलाधिकारी ने किया पुरोला तहसील, थाना और ब्लॉक मुख्यालय का निरीक्षण
सभी कार्यालयों में हो ई-ऑफिस का शत-प्रतिशत संचालन
जिलाधिकारीउत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने पुरोला तहसील, थाना और ब्लॉक मुख्यालय का निरीक्षण कर कामकाज की गहन समीक्षा की। तहसील कार्यालय में ई-ऑफिस और नेटवर्क की स्थिति जांची, साथ ही भूलेख-खतौनी में शेष 240 अंश निर्धारण को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।

डीएम ने लंबित वसूली के मामलों में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने, सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने और नशे की बढ़ती समस्या पर सख्त कार्रवाई के आदेश उपजिलाधिकारी व तहसीलदार को दिए।स्कूली बच्चों को नशे से बचाने हेतु तहसीलदार को स्कूलों का समय-समय पर औचक निरीक्षण और उपजिलाधिकारी को नगर पालिका-पंचायत का मासिक रिव्यू करने को कहा। थाना पुरोला में कंप्यूटर कक्ष, सीसीटीवी, महिला हेल्प डेस्क और अपराध रजिस्टर का जायजा लिया।

सोलर पैनल की खराबी पर एसपीओ उरेडा को तत्काल सुधारने और ग्राम प्रहरी के वेतन पर नजारेत को कार्रवाई के निर्देश दिए। डामटा चौकी के लिए उपनिरीक्षक, तहसीलदार बड़कोट व अधिशासी अभियंता की संयुक्त टीम गठित करने को कहा।

ब्लॉक कार्यालय में विकास योजनाओं, रिकॉर्ड प्रबंधन व जनसुविधाओं का मूल्यांकन कर पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने ग्राम प्रधानों व ब्लॉक प्रमुख निशिता शाह से भी भेंट की। निरीक्षण में उपजिलाधिकारी मुकेश चंद रमोला, तहसीलदार कमलेश किरौला, बीडीओ सुरेश चौहान व थानाध्यक्ष दीपक कठैथ उपस्थित रहे।

