उत्तरकाशी विवेक सिहं सजवाण

मोरी (उत्तरकाशी)।
उत्तरकाशी जनपद के मोरी विकासखंड अंतर्गत मोरी मुख्य बाजार में वर्षों से चली आ रही एक गंभीर जनसमस्या का समाधान अब साकार होने जा रहा है। वन भूमि पर निर्माणाधीन सार्वजनिक शौचालय को लेकर चल रहे विवाद पर आखिरकार विराम लग गया है। नानाई जिला पंचायत वार्ड के जिला पंचायत सदस्य पावन दास के निरंतर प्रयासों तथा जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान की सक्रिय पहल के बाद वन विभाग ने सार्वजनिक शौचालय निर्माण को हरी झंडी दे दी है।


मोरी बाजार क्षेत्र में आजादी के बाद से अब तक एक भी सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था नहीं थी। प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण, व्यापारी, छात्र, महिलाएं, बुजुर्ग और दूरस्थ गांवों से बाजार आने वाले लोग मूलभूत सुविधा के अभाव में भारी परेशानी झेलने को मजबूर थे। विशेषकर महिलाओं, किशोरियों और बुजुर्गों के लिए यह समस्या न केवल असुविधाजनक बल्कि सामाजिक और मानवीय दृष्टि से भी बेहद गंभीर थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार जिला पंचायत सदस्य पावन दास ने इस समस्या को प्राथमिकता देते हुए अपने जिला पंचायत निधि से सार्वजनिक शौचालय निर्माण का निर्णय लिया था। उपयुक्त स्थल का चयन कर निर्माण कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया था। इसी बीच वन विभाग की टीम द्वारा स्थल को आरक्षित वन भूमि बताते हुए निर्माण कार्य को रोक दिया गया, जिससे क्षेत्र में असमंजस और नाराजगी का माहौल बन गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पावन दास ने लगातार प्रशासन और वन विभाग के अधिकारियों से संवाद कर जनहित में शौचालय की नितांत आवश्यकता का पक्ष मजबूती से रखा। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान ने भी इस पूरे प्रकरण में हस्तक्षेप करते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया और नियमों के दायरे में समाधान निकालने की पहल की।


लंबी प्रक्रिया और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद अब वन विभाग द्वारा निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इससे मोरी बाजार सहित पूरे विकासखंड के लोगों में राहत और खुशी का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों का कहना है कि यह सार्वजनिक शौचालय मोरी क्षेत्र के युवाओं, नवजवानों, मातृशक्ति और बुजुर्गों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगा।
क्षेत्रवासियों का यह भी कहना है कि यह कदम केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्य को जमीनी स्तर पर साकार करने की दिशा में एक ठोस पहल है। लंबे समय से लंबित इस समस्या के समाधान से मोरी बाजार की स्वच्छता व्यवस्था में भी सुधार होगा और लोगों को खुले में शौच जैसी मजबूरी से निजात मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इस जनहित कार्य को लेकर कुछ लोगों द्वारा अनावश्यक राजनीति भी की गई और निर्माण को रुकवाने के प्रयास किए गए। लेकिन अंततः जनहित की जीत हुई और अब मोरी बाजार को जल्द ही सार्वजनिक शौचालय की सुविधा मिलने जा रही है।


नानाई जिला पंचायत सदस्य पावन दास एवं जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान के प्रयासों को क्षेत्रवासियों ने सराहनीय बताते हुए कहा कि इस पहल से न केवल मोरी बाजार को एक बुनियादी सुविधा मिलेगी, बल्कि यह जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता और कार्यकुशलता का भी उदाहरण है। अब शीघ्र ही मोरी बाजार में सार्वजनिक शौचालय की सौगात मिलने से वर्षों से चली आ रही एक बड़ी समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद जगी है।

Trending