
उत्तरकाशी विवेक सिंह सजवाण
“बाड़ाहाट में माघ मेला की समीक्षा: रमेश चौहान ने समयबद्ध कार्यों का आदेश दिया”।
उत्तरकाशी — ऐतिहासिक, पौराणिक एवं धार्मिक माघ मेला (बड़ाहाट कु थौलू) की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारियों और मेला समिति के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि माघ मेला क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं का प्रतीक है। इसके सफल आयोजन के लिए समितियों का गठन किया गया है और प्रत्येक समिति को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि स्नान घाटों, चेंजिंग रूम, बिजली, पार्किंग और सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य समय पर पूरे किए जाएं।

अध्यक्ष ने कहा कि माघ मेला जन सहभागिता का महोत्सव है, जिसके माध्यम से क्षेत्र की संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह पावन भूमि मां यमुना और मां गंगा की है, जहां हमारी पौराणिक परंपराओं का संरक्षण होता आया है। इस आयोजन से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत मोनिका भंडारी ने बताया कि इस बार माघ मेले की व्यवस्थाओं के लिए 13 समितियों का गठन किया गया है। प्रत्येक समिति अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करेगी।

बैठक में ब्लॉक प्रमुख डुंडा राजदीप परमार, भटवाड़ी प्रमुख ममता पंवार, सीडीओ जय भारत सिंह, एसडीएम शालिनी नेगी, परियोजना निदेशक अजय सिंह, प्रभारी कोतवाली भावना कैंथोला, पर्यावरण विशेषज्ञ प्रताप मटूड़ा, गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल सहित अन्य अधिकारी और जिला पंचायत सदस्य मौजूद रहे।

