
उत्तरकाशी विवेक सिहं सजवाण
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र, नींबूवाला, देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर उन्होंने प्रदेश के सभी वरिष्ठ नागरिकों को शुभकामनाएँ दीं और उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने “वरिष्ठ नागरिक सम्मान संकल्प” भी दिलाया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया। साथ ही उन्होंने वृद्धजनों की सेवा के लिए समर्पित निःशुल्क एंबुलेंस वैन और वरिष्ठ नागरिकों की वॉकाथन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज के स्तंभ हैं, जिनका अनुभव और आशीर्वाद पूरे समाज के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने बताया कि राज्य एवं केंद्र सरकार बुजुर्गों के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि राज्य में वृद्धाश्रमों की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। वर्तमान में बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में राजकीय वृद्धाश्रम संचालित हो रहे हैं, जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चंपावत में भवन निर्माणाधीन हैं। केंद्र सरकार की मदद से ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में मॉडल वृद्धाश्रम बनाया जा रहा है। इसके अलावा रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी और पिथौरागढ़ जिलों में भी वृद्धाश्रमों की स्थापना की प्रक्रिया जारी है।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस वर्ष 1,300 वरिष्ठ नागरिकों की निःशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही राज्य में माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण पोषण अधिनियम भी लागू है ताकि बुजुर्गों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के अध्यक्ष रामचंद्र गौड़, उपाध्यक्ष श्रीमती शांति मेहरा, हरक सिंह नेगी, एससी आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार, समाज कल्याण सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी और निदेशक समाज कल्याण चंद्रसिंह धर्मशक्तू सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

