
उत्तरकाशी विवेक सिहं सजवाण
राष्ट्रीय पोषण सप्ताह : ‘ईट राइट फॉर अ बेटर लाइफ’ थीम पर आहार, स्वास्थ्य और जीवनशैली पर विशेष कार्यक्रम
एम्स, ऋषिकेश के सामुदायिक चिकित्सा विभाग के तत्वावधान में राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के अंतर्गत इस वर्ष की थीम ‘Eat Right for a Better Life – बेहतर जीवन के लिए सही भोजन’ पर सप्ताहभर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली और पोषण के महत्व को लेकर लोगों को जागरूक करना रहा।

कार्यक्रमों की शुरुआत विद्यालय स्तर से हुई, जहां बच्चों ने तेल और शक्कर बोर्ड प्रतियोगिता तथा हेल्दी टिफिन प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लिया। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने विद्यार्थियों से संवाद कर बताया कि बच्चे पोषण के महत्व से वाकिफ़ तो हैं, लेकिन इसे रोज़मर्रा की जिंदगी में अपनाना चुनौतीपूर्ण होता है।

इसी क्रम में विभागीय स्तर पर हेल्दी कुकिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें संकाय सदस्य, रेज़िडेंट डॉक्टर, छात्र और स्टाफ ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने कम तेल और कम समय में पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजन प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता ने यह संदेश दिया कि हेल्दी खाना केवल सेहतमंद ही नहीं, बल्कि स्वादिष्ट भी हो सकता है।
सामुदायिक चिकित्सा विभागाध्यक्ष प्रो. वर्तिका सक्सेना के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में डॉ. मीनाक्षी खापरे, डॉ. स्मिता सिन्हा, रेज़िडेंट डॉ. प्रज्ञा यादव, डॉ. एकता पाठक, एमपीएच विद्यार्थी डॉ. गुरप्रीत और डॉ. आयुषी की सक्रिय भूमिका रही।

बुजुर्गों से मिली सीख
राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के अंतर्गत आर्य वानप्रस्थ आश्रम, हरिद्वार में निशुल्क मेडिकल कैम्प भी लगाया गया। यहां रह रहे बुज़ुर्गों के खान-पान और जीवनशैली ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों को प्रभावित किया। चिकित्सकों ने बताया कि बुज़ुर्ग सादा और पारंपरिक भोजन लेते हैं, शारीरिक रूप से सक्रिय रहते हैं और मानसिक रूप से भी अधिक स्वस्थ पाए गए। इससे यह प्रेरणा मिलती है कि संतुलित और सादा भोजन ही लंबे समय तक स्वस्थ रहने की कुंजी है।

